प्रयागराज में छात्रों का प्रचंड प्रदर्शन, बारिश में ताली-थाली बजी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर बांटी टॉफियां
प्रयागराज में छात्रों का प्रचंड प्रदर्शन
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में युवाओं ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के समर्थन में भारी प्रदर्शन किया. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद छात्रों ने जश्न मनाया और टॉफियां बांटीं.
UP News: उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में शनिवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के समर्थन में युवाओं का जबर्दस्त आक्रोश देखने को मिला. भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद अकेले प्रयागराज की सड़कों पर 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं उतर आए. हाथ में संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े थे. इस दौरान छात्रों ने ताली-थाली बजाई और बारिश में डांस कर अपना विरोध जताया.
प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा और गाड़ियों में तोड़फोड़
प्रयागराज में सुबह 10 बजे से ही सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर चौराहे पर युवाओं का जमावड़ा शुरू हो गया था. पुलिस प्रशासन ने 2,000 से अधिक जवानों की तैनाती की थी, लेकिन भीड़ बेकाबू हो गई. प्रदर्शनकारियों ने डीएम कार्यालय की तरफ मार्च करने की कोशिश की. इसी गहमागहमी के बीच उग्र भीड़ ने सांसद लिखी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को पलट दिया और एक अन्य स्कॉर्पियो कार के शीशे तोड़ डाले.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर से बदला माहौल
जैसे ही प्रदर्शनकारी छात्रों तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर पहुंची, आंदोलन का माहौल अचानक जश्न में बदल गया. छात्रों ने हवा में अपनी टी-शर्ट लहराकर और छात्राओं ने इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर फाड़कर खुशी जाहिर की. प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने इसे देश के युवाओं की एकजुटता और सबसे बड़ी जीत करार दिया.
लखनऊ और अन्य शहरों में टॉफी बांटकर मनाई गई खुशी
इस आंदोलन का असर सिर्फ प्रयागराज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लखनऊ, कानपुर और मेरठ में भी व्यापक विरोध देखा गया. लखनऊ के इको गार्डन में मौजूद छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और टॉफियां बांटकर जीत का जश्न मनाया. छात्रों का कहना था कि यह निर्णय युवाओं के संघर्ष का नतीजा है और अब इसका जश्न दावत के साथ मनाया जाएगा.
Must Read- आधी रात लखनऊ में डकैती का तांडव, विरोध करने पर व्यापारी परिवार पर बदमाशों ने किए ताबड़तोड़ वार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए