पिता की चिता जल रही थी, कुछ देर बाद लौटा बेटा तो देखा चौंकाने वाला मंजर, शाहजहांपुर में मचा बवाल
शाहजहांपुर में चिता की आग पर मांस पकाने का आरोप (AI)
शाहजहांपुर में अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों ने तीन लोगों पर जलती चिता की आग पर मांस पकाने का गंभीर आरोप लगाया है. एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
UP News: शाहजहांपुर स्थित पूवायां थाना क्षेत्र के नथ्यापुर गांव में रविवार को अंतिम संस्कार के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब मृतक के परिजनों ने तीन लोगों पर जलती चिता की आग पर मांस पकाने का आरोप लगाया. परिजनों ने मौके से एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य मोटरसाइकिल से फरार हो गये. पुलिस ने हिरासत में लिये गये युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है.
अंतिम संस्कार के बाद दोबारा श्मशान पहुंचे बेटे
नथ्यापुर निवासी 60 वर्षीय छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद शनिवार को मौत हो गयी थी. रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार उनका अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचे. मुखाग्नि देने और अन्य रस्में पूरी होने के बाद परिवार के लोग वहां से लौट गये. कुछ देर बाद मृतक के बेटे वीरपाल दोबारा चिता देखने के लिए श्मशान घाट पहुंचे. वीरपाल के अनुसार, वहां उन्हें तीन लोग चिता के पास मौजूद मिले.
चिता की आग पर मांस पकाने का लगाया आरोप
वीरपाल ने आरोप लगाया कि तीनों लोग जलती चिता की आग का इस्तेमाल कर एक बर्तन में मांस पका रहे थे. यह देखकर उन्होंने रिश्तेदारों के साथ मिलकर तीनों को पकड़ने का प्रयास किया. इस दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गये. घटना की सूचना डायल-112 पर दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गये युवक को थाने ले गयी.
बेटे ने तीन लोगों के खिलाफ दी तहरीर
मृतक के बेटे वीरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि तीनों लोग उनके पिता की जलती चिता पर मांस पका रहे थे. उन्होंने इस कृत्य को आपत्तिजनक बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस बोली- आरोपों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
पूवायां के सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है. पुलिस आरोपों की जांच कर रही है. तहरीर में लगाये गये आरोपों और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: यूपी के इंटर कॉलेजों में टीचर के पदों पर आवेदन शुरू, ऐसे करें अप्लाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए