प्रतिस्पर्धा के दौर में जो आगे रहेगा, वह मुकाम हासिल करेगा : फादर इरेनसियुस

Updated at : 26 Sep 2025 10:11 PM (IST)
विज्ञापन
प्रतिस्पर्धा के दौर में जो आगे रहेगा, वह मुकाम हासिल करेगा : फादर इरेनसियुस

संत इग्नासियुस उवि गुमला में तीन दिवसीय 12वीं गुरु भक्ति मुन्ना फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू

विज्ञापन

गुमला. संत इग्नासियुस उवि गुमला में तीन दिवसीय 12वीं गुरु भक्ति मुन्ना फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ. टूर्नामेंट में गुमला समेत रांची, खूंटी, सिमडेगा व लोहरदगा जिले से कुल 24 टीमों ने भाग लिया है. टूर्नामेंट का उदघाटन मुख्य अतिथि स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षकों ने किया. अतिथि डीएसओ प्रवीण कुमार थे. मौके पर संत इग्नासियुस उवि के पूर्व प्राचार्य सह गुरु भक्ति मुन्ना फुटबॉल टूर्नामेंट के जनक फादर इरेनसियुस मिंज ने टूर्नामेंट में शामिल छोटे-छोटे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज का समय प्रतिस्पर्धा का है. इस प्रतिस्पर्धा के दौर में जो सबसे आगे रहेगा. वही अपने जीवन में एक बेहतर मुकाम हासिल करेगा. उन्होंने कहा कि खेल को सिर्फ खेल की तरह की नहीं देखें, बल्कि खेल को एक पेशा के रूप में भी देखें. अपनी खेल प्रतिभा को निखारे और खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनायें. फादर इरेनसियुस ने कहा कि आने वाले समय में टूर्नामेंट में और भी टीमों के शामिल होने की संभावना है. उन्होंने स्कूल प्रबंधन से अपील की कि टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ बच्चे ही भाग लेते आये हैं. लेकिन अब इसका दायरा बढ़ायें. टूर्नामेंट में बच्चियों व अन्य स्कूलों की टीम को भी आमंत्रित करें. सेवानिवृत्त शिक्षक केदारनाथ मिश्रा ने कहा कि बच्चों के चातुर्दिक विकास के लिए खेलकूद आवश्यक है. उन्होंने बच्चों को टीम भावना से खेलने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. प्रधानाध्यापक फादर मनोहर खोया ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया. साथ ही टूर्नामेंट के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं. आप अच्छा खेलेंगे, तो आपकी जरूरत हर टूर्नामेंट में होगी और आपकी एक अलग पहचान बनेगी, जो आपको जीवन में उन्नति के मार्ग पर ले जायेगी. इससे पूर्व सभी अतिथियों का स्वागत किया गया. संचालन नीलम प्रकाश लकड़ा ने किया. मौके पर रेक्टर फादर फ्लोरेंस कुजूर, सेवानिवृत्त शिक्षक जीवन किशोर कुजूर, अंध्रेयस कुजूर, कामिल डुंगडुंग, जोसेफ बाड़ा, रामाकांत शर्मा, अलोइस टोप्पो, जोन लकड़ा, पीटर मिंज, अजीता लकड़ा, विजय नारायण सिंह, तारा शंकर मुखर्जी आदि उपस्थित थे.

फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने की पहल : डीएसओ

मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा है कि संत इग्नासियुस स्कूल ने खेल को बढ़ावा देने के लिए गुरु भक्ति मुन्ना फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू किया है. टूर्नामेंट का यह 12वां साल है. इन 12 सालों में इस खेल के बूते कई खिलाड़ी आज फुटबॉल खेल में अपनी पहचान बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि गुरुओं को सम्मान देने के लिए जिस प्रकार प्रतियोगिता की शुरुआत की गयी. यह अपने आप में काबिले तारीफ है. खिलाड़ियों से अनुरोध है कि आप अपने खेल कौशल का प्रदर्शन बेहतर तरीके से करें, ताकि आप बुलंदी को छू सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola