कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की विशेष समीक्षा बैठक
गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की विशेष समीक्षा बैठक गुरुवार को हुई. बैठक में जिले में पेयजलापूर्ति की वर्तमान स्थिति, जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने गर्मी को देखते हुए जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारू व निर्बाध बनाये रखने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने निर्देश दिया कि नागरिकों को किसी परिस्थिति में पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े. इसके लिए सभी स्तरों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. सभी प्रखंडों में संचालित पेयजलापूर्ति योजनाओं के संचालन, रख-रखाव व हस्तांतरण की स्थिति की समीक्षा में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जलमीनार व चापाकलों की नियमित जांच कर खराब पड़े संसाधनों को अविलंब मरम्मत कर चालू किया जाये, ताकि आमजनों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों व फील्ड कर्मियों को प्रो-एक्टिव कार्यप्रणाली अपनाने का निर्देश देते हुए कहा कि वे केवल शिकायत या कंट्रोल रूम से सूचना का इंतजार नहीं करें, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें. जल जीवन मिशन के तहत कार्य कर रही सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करें. कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी. बैठक में कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










