रांची विश्वविद्यालय में योग दिवस समारोह का आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और सांसद संजय सेठ हुए शामिल 

Edited by Sweta Vaidya
Updated:
विज्ञापन

राज्यस्तरीय योग दिवस समारोह

International Yoga Day: रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्यवासियों और देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें. 

विज्ञापन

रांची से बिपिन की रिपोर्ट

International Yoga Day Ranchi: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में राज्यस्तरीय योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्यवासियों और देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम-से-कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य निकालना चाहिए. नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ, ऊर्जावान और संतुलित बनाता है. 

डॉ अंसारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर है, जिसने सदियों से मानव जीवन को स्वस्थ एवं अनुशासित रखने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा. रांची विधायक सीपी सिंह ने योग क्रियाओं को दैनिक जीवन में शामिल करने को लेकर कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क में ही स्वस्थ शरीर का निवास होता है और योग दोनों को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक अर्चना कुमारी, रिया कुमारी और हेमा कुमारी ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया. 

irfan ansari
कार्यक्रम में मौजूद डॉ इरफान अंसारी

लोगों ने लिया योगाभ्यास का संकल्प

इस अवसर पर योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभा को अतिथियों ने प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष विभाग, अलग-अलग सरकारी विभागों के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, योग प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों और हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. 

पूरी दुनिया ने योग की शक्ति को स्वीकारा

कार्यक्रम में उपस्थित रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर चुकी है और 192 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्तुत प्रस्ताव को 177 देशों का अभूतपूर्व समर्थन मिला था, जिसके बाद 21 जून 2015 से पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा. 

sanjay seth
कार्यक्रम में मौजूद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम पर केंद्रित रहा कार्यक्रम

कार्यक्रम में बताया गया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है, जो यह संदेश देती है कि योग केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि वृद्धजनों के स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन के लिए भी अत्यंत उपयोगी है. प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ध्यान और विभिन्न योगासन व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. 

1,000 योग प्रशिक्षक करा रहे योगासन की क्रियाएं

राज्य में आयुष प्रक्षेत्र के अंतर्गत संचालित 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) के माध्यम से लगभग 1,000 योग प्रशिक्षक नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पुरुष योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रत्येक माह 32 तथा महिला योग प्रशिक्षकों द्वारा 20 योग सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में आम नागरिकों को मिल रहा है.

पेशेवर से लेकर विद्यार्थी तक कर रहे योग

राजधानी के पूर्वी जेल रोड स्थित राज्य योग केंद्र में प्रतिदिन आम नागरिकों के लिए नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. वहीं, विद्यालय स्तर पर योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कक्षा 6 से 12 तक के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में दो-दो हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडरों को प्रशिक्षित किया गया है, जो सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराते हैं.

विश्व योग दिवस में इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो डॉ सरोज शर्मा, आयुष निदेशक सह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा, डॉ पंकज कुमार, डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह, डॉ राहुल किशोर सिंह, उपनिदेशक आयुर्वेद डॉ कृष्ण कुमार, उपनिदेशक, यूनानी डॉ नुजहत सुलताना, रजिस्ट्रार, आयुष डॉ वकील कुमार सिंह, डॉ लाल मांझी, डॉ साकेत कुमार, डॉ अनुज मंडल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, चिकित्सक, योग प्रशिक्षक एवं आम नागरिकों की उपस्थिति रही.

यह भी पढ़ें: झारखंड पारा मेडिकल परीक्षा की तारीख घोषित, ऑनलाइन होगी परीक्षा, JSSC ने जारी की चेतावनी

यह भी पढ़ें: गुमला में भारी बवाल, सिसई में बेकाबू हाइवा ने देवी मंडप मंदिर को किया ध्वस्त, गुस्से में ग्रामीणों ने घेरा वाहन

विज्ञापन
Sweta Vaidya

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो. झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola