बेरहम सिस्टम: गुमला में जर्जर सड़क ने ले ली मरीज की जान, लकड़ी के बहंगी पर ही तोड़ा दम

Published by : Sameer Oraon Updated At : 15 Feb 2026 9:06 AM

विज्ञापन

गुमला का सदर अस्पताल और फोटो के अंदर में नीचे की तरफ बहंगी में मरीज को ले जाते ग्रामीण

Gumla Road Condition: गुमला जिले के रायडीह प्रखंड के लालमाटी गांव में सड़क मार्ग न होने के कारण 108 एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. ग्रामीण भिनसाई मुंडा को लकड़ी की बहंगी पर लादकर अस्पताल ले गये, लेकिन देरी होने के कारण उनकी मौत हो गयी.

विज्ञापन

Gumla Road Condition, गुमला (दुर्जय पासवान): गुमला जिले के रायडीह प्रखंड के लालमाटी गांव तक सड़क मार्ग के अभाव में एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. इस कारण मरीज भिनसाई मुंडा (48) ने समय पर इलाज नहीं मिलने से दम तोड़ दिया. ग्रामीणों ने लकड़ी की बहंगी को ही एंबुलेंस बनाकर मरीज को कई घंटे तक पैदल चल कर पहाड़ी रास्ते से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देरी हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया. दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण लालमाटी गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती है. आज तक यहां सड़क मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया है.

एंबुलेंस चालक ने पहाड़ी रास्ते में वाहन चढ़ाने पर जतायी असमर्थता

शनिवार की सुबह में अचानक भिनसाई मुंडा की तबीयत खराब हो गयी. ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन चालक ने पहाड़ी रास्ते पर एंबुलेंस चढ़ाने में असमर्थता जतायी. इसके बाद ग्रामीणों ने खुद मरीज को कंधों पर उठा कर करीब दो किमी तक पहाड़ी रास्ता पार किया. फिर वहां से 1500 रुपये में निजी वाहन कर मरीज को गुमला सदर अस्पताल लाया गया. लेकिन शाम करीब साढ़े चार बजे अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Also Read: झारखंड में पार्टी के खिलाफ बगावत करने वालों को BJP ने दिखायी ‘लाल आंख’, पूर्व विधायक समेत कई को शॉ-कॉज

सड़क होता तो समय पर पहुचाया जा सकता था अस्पताल

मृतक की पत्नी मांगो देवी ने कहा कि यदि गांव में सड़क बन गयी होती, तो उनके पति को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और शायद उनकी जान बच जाती. इधर मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव को गांव के मुहाने तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की. लेकिन सड़क नहीं होने से एंबुलेंस गांव के बाहर तक ही जा सकी. उसे बीच रास्ते में शव को उतार कर लौट जाना पड़ा. इसके बाद ग्रामीण शव को गांव में लेकर आये और अंतिम संस्कार किया.

क्या कहते हैं गांव के लोग

सड़क बनाने की मांग को लेकर लोकसभा व विधानसभा यहां तक कि गांव की सरकार के चुनाव का हमलोग बहिष्कार कर चुके हैं. प्रशासन हर समय सड़क बनाने का आश्वासन देता रहा. एक सप्ताह पहले भी गुमला उपायुक्त से मिल कर सड़क बनाने की मांग की. लेकिन सड़क बनेगी या नहीं. इसका नतीजा है कि हमारे गांव में जो बीमार पड़ रहा है. सड़क के अभाव में उनकी मौत हो रही है.

फलींद्र कोरवा, ग्रामीण

लालमाटी गांव के लोग लंबे समय से विकास का इंतजार कर रहे हैं. हम संकट में जी रहे हैं. इसकी जानकारी यहां के विधायक, डीसी समेत जिले के सभी अधिकारियों को है. इसके बाद भी गांव के विकास के लिए पहल नहीं हो रही है. आजादी के 75 साल बाद भी हमलोग आदिम युग में जी रहे हैं. लालमाटी गांव में विलुप्त प्राय जनजाति के अलावा आदिवासी समाज के लोग रहते हैं.

राजेश मुंडा, ग्रामीण

अगर गांव में सड़क रहती व गांव तक गाड़ी पहुंचती, तो आज मेरे चाचा भिनसाई मुंडा की मौत नहीं होती. सड़क के अभाव के कारण भिनसाई मुंडा की जान चली गयी. इससे पहले भी कई मरीजों की जान सड़क के कारण हो गयी. प्रशासन से अनुरोध है. हमारे गांव की सड़क को बनाने की पहल की जाये, ताकि बीमारी से मर रहे लोगों की जान बचायी जा सके.

बुद्धदेव मुंडा, मृतक का भतीजा

क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता

सोकराहातू से लालमाटी गांव तक सड़क बननी है. इस गांव में सड़क बनाने के लिए प्राक्कलन बन कर तैयार है. 10 किमी सड़क 13 करोड़ रुपये में बननी है. प्रशासनिक स्वीकृति के लिए ग्रामीण कार्य विभाग झारखंड रांची को भेजा गया है. लेकिन अबतक लालमाटी गांव की सड़क को स्वीकृति नहीं मिली है.

विकास कुमार, इइ, आरइओ

Also Read: Sahibganj: राजमहल-साहिबगंज मेन रोड पर बाइक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola