गुमला संगठन विस्तार करने आए थे चार उग्रवादी, पुलिस के हत्थे चढ़े , हथियारों का जखीरा बरामद
जानकारी देते एसपी | Prabhat Khabar Network
गुमला पुलिस ने ओरापाट जंगल में अभियान चलाकर 5 लाख के इनामी कमांडर रामदेव लोहरा समेत जेजेएमपी के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। भारी मात्रा में हथियार बरामद।
गुमला. लातेहार जिला से गुमला में संगठन विस्तार करने पहुंचे जेजेएमपी के चार उग्रवादी पुलिस के हत्थे चढ़े. जेजेएमपी के खिलाफ गुमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने डुमरी थाना क्षेत्र के ओरापाट जंगल में अभियान चलाकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के पांच लाख रुपये के इनामी सबजोनल कमांडर रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, संगठन गुमला जिले में दोबारा सक्रिय होकर अपना विस्तार करने की कोशिश कर रहा था.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस को 17 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि रामदेव लोहरा अपने साथियों के साथ डुमरी थाना क्षेत्र में संगठन को पुनर्गठित करने के उद्देश्य से सक्रिय है. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ओरापाट जंगल में घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार किया.
पांच लाख रुपये का इनामी गिरफ्तार
गिरफ्तार उग्रवादियों में लातेहार जिले के बिंगड़ा निवासी रामदेव लोहरा, लातेहार के कोने निवासी अरविंद नायक, लोहरदगा के किता मक्का निवासी मुनेश्वर सिंह और गुमला के उजरा निवासी जितेंद्र लोहरा शामिल हैं. रामदेव लोहरा जेजेएमपी का सबजोनल सदस्य और पांच लाख रुपये का इनामी बताया गया है, जबकि अरविंद नायक एरिया कमांडर है.
भरी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक एके-56 राइफल, एक एसएलआर राइफल, एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल, एक रेगुलर 7.65 एमएम पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कुल 146 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, प्रतिबंधित जेजेएमपी/नक्सली पर्चे और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
ये भी पढ़ें: जेजेएमपी के खिलाफ गुमला पुलिस की कार्रवाई, पांच लाख का इनामी उग्रवादी समेत चार गिरफ्तार, AK-56 व SLR बरामद
महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के आधार पर जेजेएमपी के अन्य सदस्यों, संगठन के पुनर्गठन और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है. पुलिस की इस कार्रवाई से जेजेएमपी के गुमला में दोबारा पैर पसारने की कोशिश को बड़ा झटका लगा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए