ब्लड बैंक में रक्त की कमी दूर करने व गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए रक्तदान करें : एसडीओ
रेड क्रॉस सोसायटी की बैठक करते अधिकारी| Prabhat Khabar Network
गुमला में ब्लड बैंक की कमी को दूर करने के लिए रेड क्रॉस सोसायटी ने रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाने और महाअभियान चलाने का निर्णय लिया है।
गुमला. भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा गुमला की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई. उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में सदर अस्पताल गुमला स्थित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने व अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए रक्तदान शिविरों के आयोजन में तेजी लाते हुए शिवरों की संख्या बढ़ाने तथा नागरिकों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गयी.
मौके पर सिविल सर्जन डॉक्टर शंभू नाथ चौधरी ने सोसायटी के सदस्यों व सभी प्रखंडों के बीडीओ से जिला मुख्यालय के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की. साथ ही जनप्रतिनिधियों, समाजशास्त्रियों, राजनीतिक दलों व समाजसेवियों से आमजनों को स्वैच्छिक रक्तदान हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया. जिलसपर एसडीओ अखिलेश कुमार ने बीडीओ स्तर पर बैठकें आयोजित कर रक्त्दाताओं को प्रोत्साहित करने में पूर्ण सहयोग करने की बात कही.
बैठक में 13 अगस्त को बीएन जालान कॉलेज सिसई में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की जानकारी दी गयी. सोसायटी के सचिव बलदेव शर्मा ने बताया कि उक्त शिविर में एनसीसी कैडेट्स व छात्र-छात्राओं ने रक्तदान करने की सहमति दी है. बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त के बाद बसिया व चैनपुर अनुमंडल में भी बैठकें आयोजित कर रक्तदान अभियान को महाअभियान का रूप देते हुए सोसायटी के बैनर तले प्रत्येक प्रखंड में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किया जायेगा.
बैठक में ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर सुनील कुमार, सिसई बीडीओ रमेश कुमार यादव, भरनो बीडीओ अरुण कुमार सिंह, घाघरा बीडीओ सुशील, सोसायटी के सह सचिव अशोक जायसवाल, कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, आशिक अंसारी, अनिल पन्ना, मुरली मनोहर प्रसाद, विनय कुमार गुप्ता व अनुमंडल कार्यालय के सहायक संदीप कुमार नाग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










