बिशुनपुर में राशन वितरण की धीमी गति पर उपायुक्त नाराज
प्रतिकात्मक फोटो
गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बिशुनपुर में राशन वितरण की धीमी गति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को वितरण में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
गुमला. गुमला जिला आपूर्ति विभाग गुमला अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक मंगलवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत खाद्यान्न उठाव एवं वितरण, ग्रीन राशन कार्ड, मुख्यमंत्री चना दाल व नमक वितरण, ई-केवाईसी आधार व मोबाइल सीडिंग, सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गयी.
अगस्त से अक्टूबर 2026 तक एनएफएसए खाद्यान्न के उठाव व डीएसडी एवं अगस्त माह में खाद्यान वितरण, ग्रीन खाद्यान्न के उठाव व वितरण, मुख्यमंत्री चना दाल व मुख्यमंत्री नमक वितरण की प्रगति की समीक्षा में आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि सरकार के निर्देशानुसार सितंबर एवं अक्टूबर माह के खाद्यान्न का उठाव एक साथ किया जाना है.
उन्होंने बताया कि चालू माह के खाद्यान्न का एफसीआई से उठाव पूर्ण कर लिया गया है. जिसपर उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को खाद्यान्न का समय पर उठाव व वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. समीक्षा के दौरान विशुनपुर प्रखंड में खाद्यान्न वितरण मात्र लगभग 59 प्रतिशत पाया गया.
उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया. इसके साथ ही गेहूं व बीएस के वितरण में कमी को दूर करने व लंबित खाद्यान्न का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने की भी बात कही और अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान विशुनपुर स्थित एफसीआई गोदाम के सामने सड़क पर कीचड़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को जन वितरण प्रणाली की दुकानों के पंजी व पॉस मशीनों की सूक्ष्मता से जांच करने का भी निर्देश दिया. साथ ही सभी खाद्यान्न गोदामों का नियमित निरीक्षण करते हुए सीपेज एवं सीलन की स्थिति पर विशेष ध्यान देने तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की बात कही. इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने ई-केवाईसी, आधार व मोबाइल सीडिंग, कार्डधारियों के सत्यापन व आवश्यकता के अनुसार राशन कार्ड से नाम विलोपन संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










