शिमला में छत से गिर कर चैनपुर के मजदूर की मौत

चैनपुर प्रखंड के मालम जयपुर गांव का चंदर थापा नौ साल पहले गया था शिमला
गुमला. गुमला जिला के चैनपुर प्रखंड की मालम पंचायत के जयपुर निवासी मजदूर चंदर थापा (32) गांव में रोजगार नहीं मिलने व घर की खराब स्थिति को देख नौ साल पहले शिमला मजदूरी करने गया था, जहां सात अक्तूबर 2025 को मजदूरी करने के दौरान एक घर की छत से गिरने से उसकी मौत हो गयी. कंपनी ने मजदूर की मौत की सूचना परिजनों को दी. साथ ही परिवार की स्थिति को देखते हुए मजदूर के शव को एंबुलेंस के माध्यम से कंपनी ने गांव भेजवाया, जहां शुक्रवार को उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया. मृतक के पिता राम प्रसाद थापा ने बताया कि चंदर थापा शिमला में घाटी मालयाना में भवन निर्माण में मजदूरी कर रहा था. काम करने के दौरान वह तीसरे तल्ले से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया. चंदर को इलाज के लिए शिमला के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी. शुक्रवार की सुबह कंस कंस्ट्रक्शन के कर्मियों ने मृत चंदर थापा के शव को जयपुर गांव पहुंचाया. पिता ने बताया कि चंदर बीते नौ सालों से शिमला में कंस कंस्ट्रक्शन में राजमिस्त्री का काम कर रहा था. उन्होंने प्रशासन से चंदर की पत्नी, बेटी व बेटा को सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि मेरा परिवार गरीबी में जी रहा है. चंदर थापा मजदूरी कर पैसा गांव भेजता था. उसी से घर चलता था. परिवार सरकारी सुविधा से वंचित: समाजसेवी ज्योति कुजूर ने कहा है कि चंदर थापा का परिवार गरीबी में जी रहा है. सरकार की कई योजनाएं चल रही हैं. परंतु मृत चंदर थापा के परिवार को सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. मृतक का घर खपड़ा व एस्बेस्टस का है. पीएम आवास के तहत घर बनना चाहिए. साथ ही पलायन किये मजदूर के परिजन को सरकारी योजना से जोड़ते हुए मुआवजा दिया जाये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




