18 हाथियों के झुंड ने मां व बेटी को कुचलकर मार डाला, सास व गोतनी ने भागकर बचायी जान
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 07 Jan 2019 4:59 PM
दुर्जय पासवान गुमला : गुमला जिला के घोर उग्रवाद प्रभावित कामडारा थाना के रामपुर गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने सोमवार की अहले सुबह चार बजे जेम्स लोहरा की पत्नी अर्चना बाघवार (25 वर्ष) व उसकी 14 माह की मासूम बेटी इसिता बाघवार की जान ले ली. बताया जा रहा है कि 18 हाथियों […]
दुर्जय पासवान
गुमला : गुमला जिला के घोर उग्रवाद प्रभावित कामडारा थाना के रामपुर गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने सोमवार की अहले सुबह चार बजे जेम्स लोहरा की पत्नी अर्चना बाघवार (25 वर्ष) व उसकी 14 माह की मासूम बेटी इसिता बाघवार की जान ले ली. बताया जा रहा है कि 18 हाथियों का झुंड है और सभी हाथी विशालकाय हैं. घटना में अर्चना की सास लुईसा देवी व मरियम बाघवार बाल-बाल बच गयी. दोनों ने भागकर जान बचायी.
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग ने अर्चना की सास लुईसा देवी को तत्काल में 50 हजार रुपये सहायता राशि दी. हाथियों के झुंड से गांव के कई किसानों की फसल भी बरबाद हुई है. घटना के संबंध में लुईसा देवी ने बताया कि वह अपनी गोतनी मरियम बाघवार के साथ अलग कमरा में सोयी थी. दूसरे कमरे में अर्चना व उसकी बेटी इसिता सोयी हुई थी.
अहले सुबह करीब चार बजे दीवार गिरने की आवाज सुनकर आंख खुली, तो देखा कि हाथी उसके घर की दीवार तोड़कर घर में घुस रहे हैं. उस समय घर में अंधेरा था. तब तक अर्चना भी जाग चुकी थी. हम सभी घर से भागने लगे. अर्चना की मासूम बेटी उसकी गोद थी. मैं और मेरी गोतनी जान बचाकर वहां से भाग गयीं.
अर्चना और उसकी मासूम बेटी इसिता को हाथी ने कुचलकर मार दिया. घर में रखे अनाज को खाने के बाद हाथी निकल गया. वहीं, हाथियों की चिंघाड़ सुनकर गांव के अन्य लोग भी जाग गये और बड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा.
दहशत में ग्रामीण, वन विभाग ने किरोसिन व पटाखे बांटे
जंगली हाथियों के झुंड द्वारा मां-बेटी को कुचलकर मार डालने के बाद गांव में दहशत है. ग्रामीण डर से अकेले जंगल की ओर नहीं जा रहे. इधर, दो लोगों की मौत की सूचना मिलने पर वन विभाग के पदाधिकरी व कर्मी रामपुर गांव पहुंचे. विभागीय अधिकरियों ने अर्चना के क्षतिग्रस्त घर का जायजा लिया और अर्चना की सास लुईसा देवी को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी. शेष राशि बाद में प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया.
पदाधिकारियों ने मुखिया रोसालिया सोरेंग, राजेन सोरेंग, कुरकुरा थाना प्रभारी सदानंद सिंह, सअनि प्रदीप कुमार, सूबेदार सुरेंद्र कुजूर, हवलदार इलियास केरकेट्टा सहित अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीणों के बीच किरोसिन व पटाखा का वितरण किया.
क्या कहते हैं अधिकारी
वन विभाग के पदाधिकारी नवल किशोर ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों का उत्पात जारी है. किसानों का फसल बर्बाद होने के साथ-साथ जान-माल की भी क्षति हो रही है. झुंड में 18 जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं. हाथी भगाने की दिशा में पहल की गयी है. हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीणों को सामग्री दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










