बाबा साहेब की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

झारखंड कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में दलित अधिकार और विकास पर हुआ मंथन
गोड्डा जिला कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा खिरौंधी प्रखंड के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर आयोजित संविधान सम्मेलन में दलित समाज के अधिकारों, शिक्षा और विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई. सम्मेलन की अध्यक्षता अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र पासवान ने की. इस अवसर पर झारखंड कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे, जिनमें कांग्रेस प्रभारी राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव कुमार कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू, कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव और पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख शामिल थे. सभी अतिथियों का अनुसूचित जाति की ओर से पुष्पगुच्छ और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. कांग्रेस प्रभारी राजू ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका को याद करते हुए कहा कि वे एक महान संविधान निर्माता थे, जिन्होंने जाति प्रथा को खत्म करने और शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने पर जोर दिया. उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करें ताकि वे अपने अधिकारों के लिए खुद आवाज उठा सकें. उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्री से आग्रह किया कि विधानसभा क्षेत्र में अंबेडकर विलेज कार्यक्रम संचालित कर गांवों में पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाये. प्रदेश अध्यक्ष केशव कुमार कमलेश ने कहा कि झारखंड से संविधान निर्माण में नौ प्रतिनिधि शामिल थे, जिनमें तीन आदिवासी नेता भी थे. उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा डॉ. अंबेडकर के संविधान को कमजोर करने के प्रयासों की आलोचना की और सभी को इसे बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया. उन्होंने राहुल गांधी के संविधान बचाओ अभियान को सफल बनाने की जरूरत बतायी. ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा सरकार पर संविधान में छेड़छाड़ करने के आरोप लगाया और कहा कि राहुल गांधी इस संविधान के सच्चे रक्षक हैं. उन्होंने महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार उनकी विकास कार्यों को मिटा नहीं सकती. उन्होंने क्षेत्र में 50 बेड अस्पताल के उद्घाटन की जानकारी दी और 300 बेड अस्पताल के जल्द उद्घाटन का आश्वासन भी दिया.सम्मेलन में जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, सहजा अनवर, श्यामल सिंह, ज्योति कुमारी, मुरारी मलिक, सुदामा दास, चांदनी देवी सहित कई अन्य प्रमुख सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने अपने विचार व्यक्त किये
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




