ठाकुरगंगटी के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण का इंतजार
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 13 Feb 2026 10:22 PM
खरखोदिया पंचायत में बारिश के दिनों में बच्चों और शिक्षकों के लिए आवागमन बना मुश्किल
ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के खरखोदिया पंचायत में स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय तमाशाचक तक पक्की सड़क न होने के कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आवागमन में घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. वर्तमान में पूरा रास्ता पगडंडी की स्थिति में है. विद्यालय के सचिव मिहिर कुमार महतो ने बताया कि विद्यालय निर्माण के समय से ही सड़क निर्माण कार्य के लिए किसी भी प्रतिनिधि ने पहल नहीं की. इसके कारण बारिश के मौसम में बच्चों और शिक्षकों के लिए स्कूल पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है. उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में रास्ते की कीचड़ इतनी बढ़ जाती है कि खाली पैर चलना भी मुश्किल हो जाता है और छोटे बच्चों को अक्सर अभिभावकों की मदद से गोद में लेकर स्कूल लाना पड़ता है.
सुदूरवर्ती इलाके में बच्चों की शिक्षा प्रभावित
सचिव ने बताया कि यह विद्यालय सुदूरवर्ती इलाके में स्थित है और यहां मुख्यतः गरीब बच्चों की पढ़ाई होती है. कीचड़ भरे रास्ते के कारण कई बच्चे स्कूल आने से कतराने लगते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की कई योजनाओं और विद्यालय चलो अभियान के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सड़क और पहुंच संबंधी समस्याएं बनी हुई है. बच्चों की शिक्षा के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन अभी तक स्कूल तक सुरक्षित और पक्की सड़क का इंतजाम अधूरा पड़ा हुआ है. इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की आवश्यकता है, ताकि बच्चे नियमित और सुरक्षित रूप से विद्यालय पहुँच सकें.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










