Giridih News :बस स्टैंड में एयर गन लहराता युवक हिरासत में
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 15 Mar 2026 11:25 PM
Giridih News :नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड परिसर में रविवार को एक युवक खुलेआम एयर गन लहराते हुए घूमता नजर आया. संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को एयर गन समेत हिरासत में ले लिया.
जानकारी के अनुसार रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे बस स्टैंड में एक युवक के हाथ में पिस्टल जैसा कुछ दिखा, जिससे वहां मौजूद लोग सहम गए. लोगों को आशंका हुई कि युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकता है. लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से एयर गन बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गया.
पूछताछ के बाद होगी कार्रवाई
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड में एक युवक पिस्टल लहरा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में पाया गया कि युवक के पास पिस्टल नहीं, बल्कि एयर गन थी. फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक एयर गन लेकर सार्वजनिक स्थान पर क्यों घूम रहा था और उसका इरादा क्या था. पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










