बिहार की धरती से निकलेगा खजाना, भागलपुर-बांका में मिले दुर्लभ खनिजों के संकेत, जल्द शुरू होगी निलामी

Updated:
विज्ञापन
Pramod-Kumar-Bihar-Minister

खान एवं भू-तत्व मंत्री प्रमोद कुमार

Bihar Rare Minerals: बिहार में दुर्लभ और कीमती खनिज तत्वों का बड़ा भंडार मिलने के संकेत मिले हैं. बांका में कोबाल्ट, जमुई में सोना और भागलपुर में रेयर अर्थ एलिमेंट्स की खोज के बाद सरकार अब नीलामी और खनन की तैयारी में जुट गई है.

विज्ञापन

Bihar Rare Minerals: बिहार में अब सिर्फ खेती और उद्योग ही नहीं, बल्कि खनिज संपदा को लेकर भी बड़ी संभावनाएं दिखाई देने लगी हैं. राज्य के खान एवं भू-तत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा है कि बिहार में कई दुर्लभ खनिज तत्वों का पता चला है और जल्द ही इनके खनन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. केंद्र सरकार ने ऐसे 14 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की पहचान की है. इनकी नीलामी की तैयारी चल रही है. इनमें पैलेडियम, टाइटेनियम, ग्लॉकोनाइट, कोबाल्ट समेत कई कीमती खनिज शामिल हैं.

बांका में मिला कोबाल्ट, जल्द होगी नीलामी

मंत्री प्रमोद कुमार ने बताया कि बांका जिले में कोबाल्ट का भंडार मिला है. इसकी नीलामी जल्द शुरू हो सकती है. इससे राज्य में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए मौके भी बनेंगे. उन्होंने कहा कि बिहार के दक्षिणी इलाकों में लगातार खनिज खोज का काम चल रहा है.

भागलपुर में मिले रेयर अर्थ एलिमेंट्स के संकेत

भागलपुर जिले के बटेश्वरस्थान इलाके में रेयर अर्थ एलिमेंट्स मिलने के संकेत मिले हैं. इसके अलावा यहां क्रोमाइट खनिज की संभावना भी जताई गई है. ये खनिज काफी कीमती माने जाते हैं और आधुनिक तकनीक में इनका बड़े स्तर पर इस्तेमाल होता है.

इनका उपयोग मिसाइल, रडार, लड़ाकू विमान, ड्रोन, इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल, लैपटॉप, टीवी स्क्रीन, कैमरा लेंस और हार्ड डिस्क बनाने में किया जाता है. ये खनिज भविष्य की तकनीक और रक्षा क्षेत्र के लिए बेहद अहम हैं.

नवादा और रोहतास में भी होगी नीलामी

केंद्र सरकार नवादा जिले में वैनाडियम युक्त मैग्नेटाइट और इल्मेनाइट के खनन ब्लॉक की नीलामी करने जा रही है. रोहतास जिले में ग्लॉकोनाइट के तीन ब्लॉकों की भी नीलामी होगी. इसके लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एमएसटीसी ने बोलियां आमंत्रित की हैं. जानकारी के मुताबिक 20 मई के बाद नीलामी प्रक्रिया शुरू हो सकती है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कई जिलों में चल रहा सर्वे

मंत्री ने बताया कि झारखंड से सटे बिहार के दक्षिणी इलाकों में बड़े स्तर पर खनिज खोज का काम जारी है. इसके लिए हवाई सर्वे, सैटेलाइट तस्वीरों का अध्ययन, पुराने रिकॉर्ड की जांच और जमीन पर रिसर्च की जा रही है.

उन्होंने कहा कि जमुई जिले के सोनो इलाके में सोने के भंडार होने के संकेत मिले हैं. वहां सर्वे का काम अभी जारी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. वहीं बांका जिले के पिंडारक क्षेत्र में तांबे का भंडार मिला है. सरकार वहां खनन शुरू करने की संभावना पर काम कर रही है.

सरकार का कहना है कि अगर इन खनिजों का खनन शुरू होता है तो बिहार की अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा होगा. इससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे और राज्य में निवेश भी बढ़ेगा. आने वाले दिनों में बिहार देश के महत्वपूर्ण खनिज राज्यों में शामिल हो सकता है.

इसे भी पढ़ें: अपराध छोड़ो, अभी और एनकाउंटर होंगे, सम्राट के मंत्री बोले- गोली का जवाब गोली से मिलेगा

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन