Giridih News :शराब लदा वाहन जब्त, एक गिरफ्तार
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 16 Mar 2026 11:27 PM
Giridih News :गुप्त सूचना के आधार पर तिसरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंदौरी-पलमरूवा सड़क पर करीब चार लाख रुपये की अवैध शराब लदे एक चारपहिया वाहन को जब्त किया. पुलिस को एक धंधेबाज को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.
इस मामले में पांच नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसकी जानकारी खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने सोमवार को तिसरी थाना में प्रेसवार्ता कर दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरिडीह से एक चारपहिया वाहन में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की खेप चंदौरी होते हुई बिहार की ओर जा रही है. सूचना मिलने के बाद तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंदौरी-पलमरुआ सड़क की नाकाबंदी की और एक चारपहिया वाहन को रोका. इस दौरान वाहन पर सवार एक युवक को पकड़ा. पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुमित कुमार जमुई बिहार बताया.
33 कार्टन शराब थी लदी
वाहन तलाशी ली गयी, तो 33 कार्टन शराब मिली. इसकी कीमत करीब चार लाख रुपये है. पूछताछ के दौरान सुमित ने बताया कि वह अपने साथी विवेक कुमार, मोहित कुमार, सोनू यादव और हिमांशु के साथ मिलकर गिरिडीह के पचंबा पेट्रोल पंप के पास गाड़ी में शराब लोडकर बिहार ले जा रहा था. एसडीपीओ ने बताया कि वाहन को जब्त कर सुमित कुमार को जेल भेज दिया गया है. वहीं, उसके साथियों पर मामला दर्ज कर और उसके साथ शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
तिसरी का हिमांशु सिंह है मास्टरमाइंड : पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार सुमित ने बताया कि शराब की तस्करी का मास्टरमाइंड तिसरी बाजार का हिमांशु सिंह है. हिमांशु का कनेक्शन गिरिडीह के अलावे अन्य कई जिलों के शराब तस्करों से है. एसडीपीओ ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाकर सभी पर कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










