Giridih News :घर की छत से बरामद हुई बच्ची की लाश, हत्या की आशंका

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 31 Oct 2025 10:52 PM

विज्ञापन

Giridih News :पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर स्थित डंड़ियाडीह इलाका में गुरुवार देर शाम एक 11 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. बच्ची का शव उसके ही घर की छत से बरामद किया गया. मृतका की पहचान मोहम्मद इलियास की पुत्री मेहजबीन परवीन उर्फ निखत परवीन के रूप में हुई है.

विज्ञापन

पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर स्थित डंड़ियाडीह इलाका में गुरुवार देर शाम एक 11 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. बच्ची का शव उसके ही घर की छत से बरामद किया गया. मृतका की पहचान मोहम्मद इलियास की पुत्री मेहजबीन परवीन उर्फ निखत परवीन के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजनों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को घर के सभी सदस्य बगल में चल रहे एक शादी समारोह में गए हुए थे. उसी दौरान मेहजबीन अकेले घर में पढ़ाई कर रही थी. देर शाम परिवार के लोग जब वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाज़ा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो सशंकित परिजनों ने आसपास के लोगों को बुलाया. पड़ोस में रहनेवाले एक युवक ने सीढ़ी के सहारे छत पर जाकर देखा तो बच्ची बेसुध हालत में पड़ी थी. आनन फानन में परिजन बच्ची को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजन शव को अपने गांव ले आए. गांव पहुंचने पर कुछ लोगों ने बच्ची के गले पर निशान जैसी दाग देखी. इसके बाद शुक्रवार की सुबह परिजन शव को लेकर वापस पचंबा थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

मां ने कहा : बेटी की गला दबा कर की गयी हत्या

इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं. वहीं मृतका के परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है. मृतका की मां शेरुन खातून ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व परिवार का मोहल्ले के ही कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था. इस दौरान उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार देने की धमकी भी दी गयी थी. परिजनों का कहना है कि घर के अंदर दरवाजा बंद होने, छत से शव मिलने और मृतका के गले पर स्पष्ट निशान दिखने के बाद यह संदेह और गहरा गया है कि किसी ने नाबालिग की गला दबाकर हत्या की है. बताया गया कि मृतका के पिता मोहम्मद इलियास सऊदी अरब में मजदूरी करते हैं. इस घटना की जानकारी उन्हें फोन के माध्यम से दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है. मृतका की मां ने पचंबा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन देते हुए बेटी की हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है. आवेदन में उन्होंने आशंका जताई है कि कुछ दिनों पहले हुए विवाद में शामिल लोग ही उनकी बेटी की हत्या में शामिल हो सकते हैं. आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.

मामले की जांच की जा रही है : थाना प्रभारी

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने घटना के संबंध में बताया कि वे सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ वह मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतका के परिजनों द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया गया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. बताया कि पुलिस संदिग्धों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola