Giridih News :झारखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य : सुदिव्य

Updated at : 27 Jan 2025 11:26 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :झारखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य : सुदिव्य

Giridih News :76 वें गणतंत्र दिवस पर गिरिडीह झंडा मैदान में जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम हुआ. नगर विकास व आवास विभाग, उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद व युवा कार्य विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झंडोत्तोलन किया.

विज्ञापन

राष्ट्रीय पर्व. झंडा मैदान में 76 वें गणतंत्र दिवस पर नगर विकास मंत्री ने किया झंडोत्तोलन

नागरिकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने व आगे बढ़ाने का है प्रयास

76 वें गणतंत्र दिवस पर गिरिडीह झंडा मैदान में जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम हुआ. नगर विकास व आवास विभाग, उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद व युवा कार्य विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झंडोत्तोलन किया. इससे पहले मंत्री श्री सोनू, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा व एसपी डॉ विमल कुमार ने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण किया. अपने संबोधन में मंत्री श्री सोनू ने शासन-प्रशासन द्वारा जनहित में किये जा रहे कार्यों को रखा और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनायी. आज का दिन सभी भारतीय के लिए गर्व, सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है. झंडा मैदान के इस मंच से वह उन सभी वीर सपूतों को नमन करते हैं, जिन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया. झारखंड की पावन भूमि से बिरसा मुंडा, सिदो- कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर जैसे महानायकों ने हमें प्रेरणा दी. समृद्ध खनिज संसाधनों से परिपूर्ण गिरिडीह की यह पावन धरती जैन तीर्थंकरों और वैज्ञानिक धरोहरों के ऐतिहासिक महत्व को अपने में समेटे हुए पूरे देश को गौरवान्वित किया है. हमारा प्रयास है कि झारखंड का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ें और आगे बढ़ें. उन्होंने विकास के कई योजनाओं की विस्तार से चर्चा की.

स्वास्थ्य : श्री सोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत 124 मरीजों को पांच करोड़ की सहायता दी गयी. 50725 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण हुआ और 492 कुपोषित बच्चों का उपचार किया गया. गिरिडीह सदर अस्पताल में डिजिटल एक्स रे, डायलिसिस यूनिट और आरटीपीसीआर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयीं.

शिक्षा : 7924 छात्रों को साइकिल व 26838 बच्चों को छात्रवृत्ति दी गयी. लगभग चार लाख बच्चों को स्कूल बैग और तीन लाख बच्चों को पोशाक की राशि दी गयी. जिले में उपलब्ध निधि से भी 52 स्मार्ट क्लास बनाये गये.

सामाजिक सुरक्षा : तीन लाख 50 हजार लाभुकों को विभिन्न पेंशन योजनाओं दी गयी है. झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रति लाभुक 2500 रू. की सम्मान राशि लगभग पांच लाख लाभुकों को दी गयी.

कृषि और ग्रामीण विकास : कहा कि अबुआ आवास योजना से गिरिडीह जिला को वित्तीय वर्ष 2023-24 व वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 56,390 लक्ष्य के विरुद्ध 47,594 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है. मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से भी लोगों को जोड़ा जा रहा है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से डेढ़ लाख किसानों को लाभान्वित हुए हैं. सूक्ष्म सिंचाई तकनीक के तहत स्ट्रॉबेरी और सब्जी की खेती को प्रोत्साहित किया गया. 64.35 लाख मानव दिवस सृजन के साथ मनरेगा के तहत 216 करोड़ का व्यय किया गया है.

पेयजल और स्वच्छता : उन्होंने कहा कि जिले में 72 फीसदी घरों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा दी गयी. 448 गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया गया.

महिला और समाज कल्याण : सवित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना से लगभग 47 हजार बालिकाओं को लाभान्वित किया गया. फूलो-झानों आशीर्वाद योजना से 1524 दीदियों/महिलाओं का चयन जेएसएलपीएस के माध्यम से करते हुए इन्हें एसएचजी से जोड़ा कर वैकल्पिक रोजगार हेतु 10 हजार रुपये का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया. 19096 सखी मंडल बनाकर 2.2 लाख महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया. दिव्यांगजनों के लिए 51 ट्राइसाइकिल, 77 व्हीलचेयर और 45 श्रवण यंत्र वितरित किये गये. मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 255 कन्याओं को लाभन्वित किया गया.

पर्यटन और खेलकूद : मंत्री श्री सोनू ने कहा कि 42 पर्यटन स्थलों को विकसित किया गया. उसरी वाटरफॉल को इको-पर्यटन स्थल बनाने की योजना बनकर तैयार है. खंडोली डैम का भी विकास वृहत पैमाने पर किये जाने की योजना है. 11 करोड़ की लागत से नया स्टेडियम बन रहा है. 2319 सिदो-कान्हू युवा क्लब का गठन ग्रामीण क्षेत्रों में किया गया है. कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड को प्रगति के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाना है.

बॉक्सविभागों ने निकाली भव्य एवं आकर्षक झांकीकार्यक्रम के दौरान झंडा मैदान में विभिन्न विभागों ने भव्य व आकर्षक झांकी निकाली. श्री सोनू ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. एसएसबी 35 बटालियन को प्रथम, कार्मेल हाइस्कूल को द्वितीय, एनसीसी सीनियर महिला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. इसके अलावा जिला पुलिस बल, पुरुष, आइआरबी 09, जिला पुलिस बल, महिला, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, हाइस्कूल, गिरिडीह, एनसीसी सीनियर महिला, डीएवी सीसीएल, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सुभाष पब्लिक स्कूल, बीएनएस डीएवी तथा बैंड दल के रूप में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जमुआ को सम्मानित किया गया. सूचना व जनसंपर्क, कृषि, पशुपालन व मत्स्य विभाग, जिला समाज कल्याण व गव्य विकास कार्यालय, जेएसएलपीएस, डीआरडीए, उत्पाद विभाग, जिला उद्योग केंद्र, अग्निशमन केंद्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, शिक्षा विभाग, जिला आपूर्ति कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग ने झांकी निकाली. इसमें परिवहन विभाग प्रथम, सूचना व जनसंपर्क विभाग द्वितीय तथा समाज कल्याण विभाग तीसरे स्थान पर रहा.

ये थे मौजूद : मौके पर डीडीसी स्मृता कुमारी, नगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक, जिप अध्यक्ष मुनिया देवी समेत कई अधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola