DC को लगा झटका, मिचेल स्टार्क की वापसी में होगी देरी, जानें कब मैदान पर लौटेंगे

दिल्ली कैपिटल्स टीम के खिलाड़ी, Pic- Social Media/X
Mitchell Starc Injury Update: दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 में लगातार दो जीत हासिल की है. लेकिन टीम के स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क अभी तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं. कंधे और कोहनी की चोट के कारण स्टार्क कम से कम अगले तीन मैच और नहीं खेलेंगे. उनकी वापसी 20 अप्रैल तक हो सकती है.
Highlights
Mitchell Starc Injury Update: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बहुत शानदार रही है. दिल्ली की टीम ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है. लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली ने 6-6 विकेट से मुकाबले अपने नाम किए हैं. टीम का प्रदर्शन तो अच्छा है लेकिन एक चिंता की बात भी है. टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अब तक टीम के साथ नहीं जुड़ सके हैं. अब स्टार्क की चोट और वापसी को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है जो दिल्ली के फैंस को निराश कर सकता है.
तीन और मैचों से बाहर रहेंगे मिचेल स्टार्क
अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क इस वक्त कंधे और कोहनी की चोट से परेशान हैं. वह इसी चोट से ठीक होने की प्रक्रिया में हैं. चोट के कारण ही वह सीजन की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में नहीं आ सके थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टार्क को ठीक होने में अभी और समय लगेगा. वह कम से कम तीन और मुकाबलों में मैदान पर नहीं उतर पाएंगे. रिपोर्ट बताती है कि 20 अप्रैल से पहले उनका टीम के साथ जुड़ना मुश्किल है.
इन अहम मुकाबलों में नहीं खेलेंगे स्टार्क
20 अप्रैल तक दिल्ली कैपिटल्स को तीन बड़े मैच खेलने हैं. टीम को 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस का सामना करना है. इसके बाद 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ टक्कर होगी. वहीं 18 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा. मिचेल स्टार्क इन तीनों ही मैचों का हिस्सा नहीं होंगे. उम्मीद है कि वह 20 अप्रैल तक भारत आ जाएंगे. अगर ऐसा होता है तो वह 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं.
स्टार्क के बिना भी दिल्ली का बॉलिंग अटैक मजबूत
मिचेल स्टार्क के बिना दिल्ली कैपिटल्स का पेस अटैक अन्य गेंदबाजों के भरोसे है. अभी तक मुकेश कुमार और टी नटराजन ने लुंगी एनगिडी के साथ मिलकर अच्छी गेंदबाजी की है. आने वाले तीन मैचों में भी इन्ही तीन तेज गेंदबाजों पर दिल्ली की गेंदबाजी का पूरा भार रहेगा. हालांकि जब स्टार्क वापसी करेंगे तो टीम का बॉलिंग अटैक और भी धारदार हो जाएगा. दिल्ली ने स्टार्क को आईपीएल 2025 की बड़ी नीलामी में 11.75 करोड़ रुपये देकर खरीदा था. पिछले सीजन में उन्होंने 11 मैच खेलकर 14 विकेट चटकाए थे. एक मैच में उन्होंने पांच विकेट भी लिए थे.
मिचेल स्टार्क का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
36 साल के मिचेल स्टार्क का क्रिकेट करियर बहुत लंबा और सफल रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल लेवल पर अब तक 105 टेस्ट, 130 वनडे और 65 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट क्रिकेट में स्टार्क ने 433 बल्लेबाजों को आउट किया है. वनडे मैचों में उनके नाम 247 विकेट दर्ज हैं. टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 79 विकेट हासिल किए हैं. आपको बता दें कि स्टार्क ने साल 2024 में ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.
ये भी पढ़ें-
Video: यॉर्कर पर यॉर्कर, नेट्स में अर्जुन का तूफान, ऋषभ पंत भी रह गए हैरान
टैटू ने खोला मिस्ट्री गर्ल का राज, जानें कौन हैं अर्शदीप सिंह की रूमर्ड गर्लफ्रेंड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










