Physics Wallah में फीस और लोन को लेकर हंगामा! अभिभावकों ने बिना सहमति रकम काटने का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन

संस्थान में हंगामा करते अभिभावक | Prabhat Khabar Network

गिरिडीह के पीडब्ल्यू पाठशाला में अभिभावकों ने बिना सहमति लोन लेने और अधिक फीस वसूली का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। जानें पूरा मामला।

विज्ञापन

गिरिडीह: नगर थाना के समीप संचालित फिजिक्स वाला विद्यापीठ पाठशाला में मंगलवार को अभिभावकों और संस्थान के कर्मचारियों के बीच तकरार हो गयी। कई अभिभावकों ने संस्थान पहुंचकर बिना सहमति लोन की प्रक्रिया शुरू करने और तय फीस से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान अभिभावकों ने नारेबाजी भी की।

अभिभावकों का आरोप है कि संस्थान के कुछ फैकल्टी सदस्यों ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर उनके मोबाइल नंबर पर आये ओटीपी की जानकारी ली। इसके बाद उनकी जानकारी और सहमति के बिना लोन की प्रक्रिया पूरी कर दी गयी। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने किसी तरह के लोन के लिए आवेदन नहीं किया था, इसके बावजूद बैंक से जुड़े भुगतान के रूप में उनके खातों से राशि की कटौती की जा रही है।

पढ़ाई छोड़ने के बाद भी खाते से कट रही राशि

एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि उनके बच्चे ने संस्थान से पढ़ाई छोड़ दी है, इसके बावजूद उनके बैंक खाते से फीस की राशि की कटौती जारी है। अभिभावकों ने संस्थान पर तय फीस से अधिक राशि वसूलने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का ठोस समाधान नहीं हुआ है।

अभिभावकों के अनुसार, कई लोगों को लोन और फीस से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक अभिभावक ने बताया कि संस्थान में शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने उपभोक्ता न्यायालय में मामला दर्ज कराया है। अभिभावकों ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

संस्थान ने आरोपों को बताया निराधार

इधर, पीडब्लू पाठशाला के प्रतिनिधि ने अभिभावकों के आरोपों को निराधार बताया। संस्थान की ओर से कहा गया कि लोन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले अभिभावकों को इसकी जानकारी दी जाती है। जिन परिवारों ने सहमति दी, उन्हीं के लिए लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी है।

संस्थान ने कहा कि किसी अभिभावक को लोन या भुगतान से संबंधित परेशानी होती है तो उसके समाधान के लिए निर्धारित प्रक्रिया है। शिकायत मिलने पर उसी प्रक्रिया के तहत मामले का समाधान किया जाता है, जिसमें कुछ समय लग सकता है।


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola