जमीन दिलाने के नाम पर 17 लाख की ठगी! पुलिस ने आरोपी को दबोचा
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 17 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी कुमार सौरभ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरिडीह: जमीन दिलाने का झांसा देकर 17 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पचंबा थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो निवासी कुमार सौरभ उर्फ विक्की के रूप में हुई है।
मामले को लेकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी संदीप कुमार ने पचंबा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत के अनुसार, कुमार सौरभ ने संदीप कुमार को जमीन दिलाने का भरोसा दिया था। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए संदीप ने उसे 17 लाख रुपये दे दिये। रुपये लेने के बाद आरोपी जमीन दिलाने में असफल रहा। इसके बाद संदीप ने जब रुपये वापस मांगे तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय तक रुपये वापस नहीं मिलने पर संदीप ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर पचंबा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और कुमार सौरभ उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
कई लोगों से ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पूर्व में भी जमीन दिलाने समेत अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप लगे हैं। बताया जाता है कि कुछ मामलों में आपसी समझौता हो जाने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। इस वजह से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पायी थी।
पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










