Giridih News :आउटसोर्सिंग स्वास्थ्यकर्मियों का बेमियादी कार्य बहिष्कार शुरू
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 17 Jan 2026 12:01 AM
Giridih News :जेएलकेएम के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने शुक्रवार से अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर बेमियादी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है. बालाजी डिटेक्टिव फोर्स एवं शिवा प्रोटेक्शन फोर्स कंपनी के खिलाफ सीएस कार्यालय व सदर अस्पताल परिसर में शुरू हुए इस आंदोलन से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होने लगी है.
आंदोलनरत कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है. मांगों को लेकर 10 व 24 दिसंबर 2025 को डीसी, सीएस, एसडीओ समेत सभी 12 प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवेदन दिया गया था, पर कोई पहल नहीं हुई. बाद में छह जनवरी को धरना और सात से 15 जनवरी तक काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध किया गया, फिर भी मांगों पर कोई पहल नहीं हुई. मजबूर होकर बेमियादी धरना व कार्य बहिष्कार शुरू किया गया.
समर्थन का दायरा बढ़ा
आंदोलन के पहले दिन जेएलकेएम के केंद्रीय संयुक्त महासचिव नागेंद्र चंद्रवंशी, केंद्रीय संगठन सचिव यमुना मंडल, जेबीकेएसएस के केंद्रीय संगठन सचिव अर्जुन पंडित सहित कई नेता मौजूद रहे. जिला आउटसोर्सिंग संघ के अध्यक्ष आफताब आलम के नेतृत्व में जिले के सभी प्रखंडों से करीब 650 कर्मी आंदोलन में शामिल हुए. कर्मियों की प्रमुख मांगों में बकाया वेतन का भुगतान, ईपीएफ-ईएसआई की गड़बड़ियों को दूर करना, वेतन वृद्धि व बोनस का समय पर भुगतान, सभी कर्मियों को नियुक्ति पत्र, तकनीकी कर्मियों को कुशल श्रमिक का दर्जा, प्रत्येक माह की सात तारीख तक मानदेय भुगतान तथा स्किल टेस्ट का परिणाम जारी करना शामिल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










