Giridih News :मेयर व वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज, डिप्टी मेयर का होगा चुनाव
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 15 Mar 2026 11:31 PM
Giridih News :नगर निगम क्षेत्र के नवनिर्वाचित मेयर व वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण सोमवार 16 मार्च को समाहरणालय सभागार में होगा. इसको लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. शपथ ग्रहण को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
इसके तहत गिरिडीह सीओ जितेंद्र प्रसाद को समाहरणालय मुख्य द्वार, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेवियर एक्का व गिरिडीह ग्रामीण के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद साव को समाहरणालय पोर्टिको तथा कार्यपालक दंडाधिकारी बिनोद कुमार सिंह व जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी कुमार ओझा को समाहरणालय सभागार के बाहर प्रतिनियुक्त किया गया है.
10 बजे से शुरू होगी बैठक
शपथ ग्रहण सोमवार को 10.30 से 11 बजे पूर्वाह्न होगा. इससे पूर्व बैठक का समय 10 बजे पूर्वाह्न निर्धारित है. मेयर व वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण के पश्चात डिप्टी मेयर के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके लिए भी समय निर्धारित किया गया है. डिप्टी मेयर का चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने हेतु 11 बजे से 11.30 पूर्वाह्न का समय निश्चित है. नाम निर्देशन पत्रों की जांच 11.30 बजे से 12 बजे तक होगी. विधिमान्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने का समय 12 बजे से 12.30 अपराह्न तक है. अभ्यर्थी 12.30 बजे से एक बजे तक नाम वापस ले सकते हैं. मतदान का समय दो से तीन बजे तक निर्धारित है. निर्वाचन परिणाम की घोषणा 3.30 बजे से 4.30 अपराह्न तक होगी. डिप्टी मेयर का शपथ 4.30 बजे से पांच बजे के बीच होगा. इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी के रूप में डीडीसी स्मृता कुमारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में भूमि सुधार उप समाहर्ता अमरेन डांग तथा गिरिडीह बीडीओ गणेश रजक उपस्थित रहेंगे. इन्हीं की देखरेख में डिप्टी मेयर का निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी.
डिप्टी मेयर पद के चुनाव को लेकर दावेदारों की धड़कनें तेज
डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर दावेदारों की धड़कनें तेज हो गयीं हैं. रविवार को कुछ दावेदारों पार्षदों की संख्या बल जुटाने के लिए माथापच्ची की. देर शाम तक बैठकों का दौर भी जारी रहा. हालांकि, बैठकों का आयोजन गुप्त रूप से हुआ और इसमें समर्थकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की कोशिश की गई. यूं तो पूर्व में कई दावेदार मैदान में थे. लेकिन अपेक्षित संख्या बल का जुगाड़ नहीं होने के कारण कई दावेदार सुस्त पड़ गये, तो कुछ वेट एंड वाच की स्थिति में हैं. सूत्रों के मुताबिक वार्ड नंबर 16 के पार्षद सह झामुमो के जिला कोषाध्यक्ष सुमित कुमार व संजीव कुमार डिप्टी मेयर पद के प्रबल दावेदार बताये जाते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










