Giridih News :गिरिडीह में गहराया बिजली-पानी संकट, बढ़ी परेशानी

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 23 May 2026 10:33 PM

विज्ञापन

Giridih News :गिरिडीह शहरी क्षेत्र में बिजली व पेयजल संकट गहरा गया है. शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में लगभग 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. इससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया.

विज्ञापन

लंबे समय तक बिजली गुल रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा. वहीं, नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में शनिवार को जलापूर्ति भी ठप रही. इससे लोगों को काफी परेशानी हुई. लोगों में निगम के प्रति आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है.

शुक्रवार की दोपहर दो बजे गयी बिजली, शनिवार को आयी

जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी और बिजली लाइन में आयी समस्या के कारण शहरी क्षेत्र के कई हिस्सों में शुक्रवार की दोपहर दो बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गया. यह समस्या रात भर बनी रही. बिजली विभाग लगातार मरम्मत कार्य किये जाने का दावा करता रहा, लेकिन लोगों को समय पर राहत नहीं मिल सकी. बरगंडा, न्यू बरगंडा, कचहरी रोड, बक्शीडीह रोड, पचंबा, भंडारीडीह, शिवपुरी, सिहोडीह, नगीना सिंह रोड, सिरसिया, शास्त्रीनगर, ह्वीटी बाजार, चैताडीह सहित अन्य इलाकों में रात भर बिजली गुल रही. इसके कारण लगभग 70 हजार की आबादी प्रभावित रही. शनिवार को कुछ इलाकों में सुबह कुछ देर के लिए बिजली आयी, और चंद मिनट रहकर चली गयी. सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हुई. पूरी रात लोग गर्मी से बेहाल होकर घरों की छतों और गलियों में समय बिताया. कई परिवार रातभर जागकर समय काटा. इंवर्टर और बैट्री भी कुछ घंटों बाद जवाब दे गयी. लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जतायी. शहरवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस तरह लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहना बेहद परेशान करने वाली है. व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी इसका असर देखने को मिला. बिजली नहीं रहने से कई दुकानों और छोटे कारोबारियों का काम प्रभावित हुआ. विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी, तेज हवा और पचंबा रोड चौड़ीकरण कार्य के दौरान करहरबारी पावर ग्रिड व बस स्टैंड पावर सब स्टेशन की कई विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई. कई जगहों पर विद्युत पोल व ओवरहेड तारों को नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत करायी गयी. शनिवार की सुबह बिजली आपूर्ति शुरू की गयी, लेकिन बिजली का आना-जाना लगा रहा. दोपहर ढ़ाई बजे से इसमें सुधार हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली.

कई इलाकों में ठप रही पेयजलापूर्ति

बिजली नहीं रहने से शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में शनिवार को पेयजलापूर्ति ठप रही. जलापूर्ति नहीं होने से सुबह में लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा. कई मोहल्लों के लोग चापाकल या फिर पानी टंकी से पानी की व्यवस्था की. बिजली नहीं रहने के कारण चैताडीह व महादेव तालाब वाटर ट्रीटमेंट से जलापूर्ति नहीं हुई. इससे जुड़े वार्डों में जलापूर्ति बाधित रही. हालांकि, खंडोली वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वन व टू से सुचारू रूप से जलापूर्ति हुई.

क्या कहते हैं उप नगर आयुक्त

नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि बिजली बाधित रहने के कारण महादेव तालाब और चैताडीह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति प्रभावित हुई है. बिजली आने के बाद पानी टंकी में पानी स्टोर किया जा रहा है. शनिवार शाम से जलापूर्ति की जायेगी.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola