25 मई को लोहरदगा के चूल्हापानी पहुंचेंगे राज्यपाल संतोष गंगवार, आजादी के बाद यहां जाने वाले पहले गवर्नर

लोहरदगा के कुड़ू में स्थित चूल्हापानी का दृश्य
Ganga Damodar Mahotsav 2026: लोहरदगा के कुड़ू प्रखंड स्थित दामोदर नदी के उद्गम स्थल चूल्हापानी में 25 मई को आयोजित गंगा दामोदर महोत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और विधायक सरयू राय शामिल होंगे. आजादी के बाद चूल्हापानी गांव पहुंचने वाले वे पहले राज्यपाल होंगे. जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.
चुल्हापानी से लौटकर अमित कुमार राज की रिपोर्ट
Ganga Damodar Mahotsav 2026, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत अति पिछड़े सलगी पंचायत के चुल्हापानी गांव में आगामी 25 मई को आयोजित होने वाले ‘गंगा दामोदर महोत्सव’ को लेकर जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुट गया है. इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह गंगा दामोदर महोत्सव के संस्थापक विधायक सरयू राय शिरकत करेंगे. राज्यपाल के इस ऐतिहासिक दौरे को देखते हुए दामोदर नदी के उद्गम स्थल चूल्हापानी और आसपास के सुदूरवर्ती वन क्षेत्रों की तस्वीर तेजी से बदलने लगी है.
दिन-रात चल रहा है निर्माण कार्य
राज्यपाल के आगमन के देखते हुए शनिवार को किस्को प्रखंड के कटात गांव से लेकर चूल्हापानी गांव तक जाने वाली जंगली पगडंडी को दुरुस्त करने का काम दिन-रात जारी रहा. इस सुदूर वन क्षेत्र में जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों के जरिए सड़क का चौड़ीकरण व मरम्मत कार्य किया जा रहा है. इसके साथ ही दामोदर नदी के मुख्य उद्गम स्थल पर विशेष टैंक बनाने और मरम्मत का कार्य भी तेजी से चल रहा है. सुरक्षा और तैयारियों की कमान संभालते हुए कुड़ू के अंचलाधिकारी (CO) सह प्रभारी बीडीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार शनिवार को दिनभर चूल्हापानी में डटे रहे और कार्यों का जायजा लिया.
Also Read: Gumla: सजा नहीं, अब ‘सुधार गृह’ के रूप में विकसित होंगे सभी कारागार, बोले- आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल
राज्यपाल के आगमन से बदली गांव की तस्वीर
गंगा दशहरा के इस पावन मौके पर राज्यपाल के आगमन की सूचना मात्र से ही विकास से अछूते रहे चूल्हापानी गांव का कायाकल्प शुरू हो गया है. कटात गांव से लगभग 5 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे चूल्हापानी तक की उबड़-खाबड़ पगडंडी अब सुगम सड़क का रूप ले रही है. जिला प्रशासन की इस सक्रियता को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने बेहद भावुक और अनूठी प्रतिक्रिया दी है. ग्रामीणों का कहना है, “काश! महामहिम राज्यपाल हर चार महीने में एक बार हमारे गांव का दौरा करते, तो हमारे गांव की तस्वीर और तकदीर हमेशा के लिए बदल जाती.”
चूल्हापानी पहुंचने वाले ‘पहले’ राज्यपाल होंगे संतोष गंगवार
आजादी के बाद यह पहला मौका होगा जब झारखंड के कोई राज्यपाल दामोदर नदी के वास्तविक उद्गम स्थल और सुदूरवर्ती चूल्हापानी गांव की जमीनी चौखट पर पहुंचेंगे. इस लिहाज से संतोष कुमार गंगवार चूल्हापानी जाने वाले पहले राज्यपाल होंगे.
सलगी पंचायत और कुड़ू प्रखंड का है गौरवशाली इतिहास
6 जून 2015 को तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास सलगी पंचायत में आयोजित गंगा दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुए थे.
6 जून 2016 को देश की वर्तमान राष्ट्रपति और उस वक्त की राज्यपाल रही द्रौपदी मुर्मू ने सलगी पंचायत के कार्यक्रम में शिरकत की थी.
साल 2024 को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार इससे पहले कुड़ू प्रखंड के चीरी स्थित दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास केंद्र में ‘आउटरीच कार्यक्रम’ के तहत आए थे, जहां उन्होंने आम जनता की समस्याओं को सुना था. यह कुड़ू प्रखंड में उनका दूसरा दौरा होगा, लेकिन चूल्हापानी गांव का पहला ऐतिहासिक दौरा है.
Also Read: डिलिस्टिंग की मांग पर दिल्ली में हल्ला बोल, गुमला से जनजाति समाज के 518 लोग हो गए हैं रवाना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










