रांची से दो टेम्पो में कुड़ू पहुंच रहा अवैध शराब का सामान जब्त, दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
कुड़ू में अवैध शराब बनाने वाले सामान के साथ गिरफ्तार बदमाश. फोटो: प्रभात खबर

कुड़ू में अवैध शराब बनाने वाले सामान के साथ गिरफ्तार बदमाश. फोटो: प्रभात खबर

Lohardaga News: लोहरदगा के कुड़ू में पुलिस ने रांची से लाए जा रहे अवैध शराब निर्माण के सामान से भरे दो टेम्पो जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई में स्प्रिट, नकली शराब, स्टीकर और उपकरण बरामद हुए. पुलिस के अनुसार आठ लाख रुपये की नकली अंग्रेजी शराब बनाने की तैयारी थी.

विज्ञापन

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

Lohardaga News: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची से अवैध शराब बनाने का सामान लेकर आ रहे दो मालवाहक टेम्पो को जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में स्प्रिट, नकली अंग्रेजी शराब, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, ढक्कन, बारकोड और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए. पुलिस ने दोनों टेम्पो चालकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुड़ू में नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे दूसरे स्थानों पर सप्लाई करने की योजना थी.

गुप्त सूचना पर बनाई गई छापेमारी टीम

लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली थी कि सोमवार शाम कुड़ू-चांपी होते हुए टिको मुख्य मार्ग से दो टेम्पो में अवैध शराब बनाने का सामान ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ श्रदा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. इस टीम में कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक की स्पेशल टीम तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. टीम ने सोमवार शाम करीब आठ बजे टिको मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया.

पुलिस को देखकर भागने लगे चालक

जांच के दौरान कुड़ू की ओर आ रहे दो नीले रंग के मालवाहक टेम्पो को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया. पुलिस को देखते ही दोनों चालक वाहन सड़क पर छोड़कर भागने लगे. हालांकि पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और कुछ दूरी पर उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ में पहले वाहन जेएच-01 जीआर-0243 के चालक ने अपना नाम सुधीर कुमार साहु (21 वर्ष), निवासी कमड़े, थाना रातू, जिला रांची बताया. वहीं दूसरे वाहन जेएच-08के-8731 के चालक ने अपना नाम प्रकाश लोहरा (20 वर्ष), निवासी विश्रामगढ़, थाना कुड़ू, जिला लोहरदगा बताया.

वाहनों से मिला नकली शराब बनाने का बड़ा जखीरा

तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों टेम्पो से अवैध शराब निर्माण से जुड़ी बड़ी मात्रा में सामग्री मिली. पहले टेम्पो से 20 लीटर क्षमता वाले 16 जार बरामद हुए, जिनमें 15 जार पूरी तरह भरे थे, जबकि एक जार आधा भरा हुआ था. इनमें नकली अंग्रेजी शराब भरी हुई थी. दूसरे टेम्पो से 50 लीटर का एक ड्रम, जिसमें करीब 25 लीटर कॉफी रंग का तरल पदार्थ था, बरामद किया गया. इसके अलावा पांच लीटर क्षमता के तीन डिब्बों में स्प्रिट जैसा पदार्थ मिला. पुलिस ने दो छोटे और एक बड़ा टुलू पंप, दो मशीनें, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें, शराब के स्टीकर, बारकोड, ढक्कन और पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की.

कुड़ू में बनती नकली अंग्रेजी शराब

पुलिस जांच में पता चला है कि रांची से यह पूरा सामान कुड़ू लाया जा रहा था. यहां एक गुप्त ठिकाने पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे नामी कंपनियों के स्टीकर और पैकेजिंग के साथ असली ब्रांड की तरह तैयार किया जाना था. इसके बाद इस शराब की सप्लाई लोहरदगा समेत आसपास के कई इलाकों में की जानी थी. पुलिस के अनुसार बरामद सामान से करीब आठ लाख रुपये मूल्य की नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा सकती थी. समय रहते कार्रवाई होने से बड़े स्तर पर अवैध शराब की आपूर्ति की योजना विफल हो गई.

उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में पुलिस ने उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लोहरदगा जेल भेज दिया गया है. वहीं दो अन्य अज्ञात लोगों की तलाश जारी है, जिनकी भूमिका इस अवैध कारोबार में होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और नकली शराब की सप्लाई किन-किन जिलों तक की जानी थी.

इसे भी पढ़ें: हाईमास्ट लाइट से जगमग होगा खरसावां का आकर्षणी शक्तिपीठ, जल्द होगा विद्युतीकरण

एसपी बोले, अवैध कारोबार पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ श्रदा केरकेट्टा, थाना प्रभारी अजीत कुमार, सुकू सोरेन तथा पुलिस अधीक्षक की स्पेशल टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नकली शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग डीटीओ में फिर निकला जहरीला सांप, कर्मी भयभीत; अधिकारी मौन


विज्ञापन
Kumarvishwat Sen

लेखक के बारे में

By Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola