Giridih News :ईद व रामनवमी शांति व सौहार्दपूर्ण के साथ मनाने का आह्वान

Giridih News :ईद व रामनवमी पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने वातावरण में मनाने को लेकर सोमवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक सोमवार को हुई. अध्यक्षता एसडीओ संतोष कुमार गुप्ता ने की.
बैठक में ईद और रामनवमी के त्योहार को शांतिपूर्वक और आपसी भाईचारे के साथ मनाने पर जोर दिया गया. एसडीओ संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि त्योहार सामाजिक सद्भाव और एकता का प्रतीक होते हैं. ऐसे अवसरों पर सभी समुदायों को मिल-जुलकर शांति और सौहार्द बनाए रखना चाहिए. झारखंड सरकार की गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना की संभावना ना रहे. सभी अधिकारी दो स्तर की मीटिंग करेंगे. एक बैठक अखाड़ा समिति के साथ और दूसरी शांति समिति के सदस्यों के साथ होगी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अपने स्तर पर तैयारी व एंबुलेंस को अलर्ट रखेंगे. लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी अखाड़ा समिति रूट का बदलाव नहीं करेगी. डीजे पर प्रतिबंध रहेगी. लोग पारंपरिक वाद्य यंत्र को बजायेंगे. गाइडलाइन का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी. एसडीपीओ सुमित कुमार ने लोगों से अपील की कि जुलूस, धार्मिक कार्यक्रम और अन्य आयोजनों प्रशासनिक निर्देशों का पालन करे. मौके पर डुमरी के सीओ सह बीडीओ शशिभूषण वर्मा, पीरटांड़ के बीडीओ मनोज कुमार व सीओ ऋषिकेश मरांडी, बीस सूत्री अध्यक्ष डेगलाल महतो, प्रमुख उषा देवी, डुमरी थाना प्रभारी प्रनित पटेल सहित दोनों समुदायों के लोग उपस्थित थे.
आपसी भाईचारा और सद्भाव के साथ मनाएं त्योहार : बीडीओ
गावां थाना परिसर के सभागार में रामनवमी और ईद पर्व को लेकर सोमवार को शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ महेंद्र रविदास व संचालन थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने की. बैठक में पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार उपस्थित थे. मौके पर ईद त्योहार व रामनवमी जुलूस को शांतिपूर्वक व भाईचारे के माहौल में मनाने पर चर्चा की गयी. गावां कालीमंडा में आयोजित चैती दुर्गापूजा व मेला व्यवस्था पर भी जानकारी ली गयी. बीडीओ ने कहा कि सभी सरकारी निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें. दिशा निर्देशों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी. लोगों से आपसी भाईचारा के साथ त्योहार मनाने की अपील की. बैठक में बीडीओ ने बताया कि दोनों समुदायों की एकता प्रखंड क्षेत्र में बेमिसाल है. दोनों समुदाय एक-दूसरे के पर्व में सहयोग कर भाईचारा निभाते हैं. त्योहार में गड़बड़ी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इंस्पेक्टर रोहित कुमार ने बताया कि जुलूस रूटचार्ट के अनुसार पूजा समिति ले जाएगी. रामनवमी पूजा समिति वालंटियर्स की सूची बनाकर भी बनाकर देने का निर्देश दिया गया जो जुलूस को नियंत्रित करने में प्रशासन को सहयोग करेंगे. बैठक में सांसद प्रतिनिधि नवीन कुमार, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, मुखिया अमित कुमार, चंदन कुमार, मो मेराजुद्दीन, कन्हाय राम, इमरान अंसारी, वहाब खान, जितेंद्र यादव, ललित पांडेय, राजकुमार सिंह, अरविंद गुप्ता, जयराम यादव, अशोक यादव, पिंटू कुमार, नसीम खान, मो एजाज, भगवान दास बरनवाल आदि थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




