Giridih News :गिरिडीह स्टेशन के स्टोर में चोरी का प्रयास, नाइट गार्ड के साथ मारपीट

Updated at : 14 Mar 2026 11:35 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :गिरिडीह स्टेशन के स्टोर में चोरी का प्रयास, नाइट गार्ड के साथ मारपीट

Giridih News :शहरी क्षेत्र स्थित गिरिडीह रेलवे स्टेशन के पीडब्ल्यूआई स्टोर में शुक्रवार देर रात चोरी की नीयत से घुसे दो अज्ञात बदमाशों ने नाइट गार्ड के साथ जमकर मारपीट की. घटना रात करीब 2:30 बजे की है.

विज्ञापन

नाइट गार्ड का मोबाइल और स्टोर की चाबी छीनकर बदमाश फरार हो गये. बदमाशों ने स्टोर में पड़े लोहे के टुकड़े से गार्ड पर हमला कर दिया, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गयी. घायल नाइट गार्ड हजारीबाग जिला के महरू साव (48) के रूप में हुई है. फिलहाल वह रेलवे अस्पताल आसनसोल में इलाजरत है.

सीनियर सेक्शन इंजीनियर पहुंचे थे घटनास्थल

घटना के बाद गार्ड की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने रेलवे प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और पीडब्ल्यूआई स्टोर के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सलीम अहमद मौके पर पहुंचे. घायल गार्ड को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे धनबाद रेफर किया गया. बाद में रेलवे अधिकारियों ने बेहतर इलाज की व्यवस्था करते हुए उन्हें आसनसोल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया. सीनियर सेक्शन इंजीनियर सलीम अहमद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे थे. वहां नाइट गार्ड घायल अवस्था में पड़ा हुआ था. गार्ड ने बताया कि रात के समय दो युवक चोरी की नीयत से स्टोर में घुसे थे. दोनों अपने चेहरे मास्क से ढके हुए थे. विरोध करने पर उन्होंने गार्ड के साथ मारपीट की और स्टोर की चाबी व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गये. उन्होंने बताया कि मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गयी है तथा आवेदन भी दिया गया है.

दोषियों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा : थाना प्रभारी

इस बाबत नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल चुकी है. रेलवे ने लिखित आवेदन भी दिया है. इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जायेगी. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola