Giridih News :गिरिडीह में एक करोड़ रुपये के 32.45 किलो चांदी के जेवर व सिल्लियां जब्त
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 19 Jan 2026 10:44 PM
Giridih News :गिरिडीह पुलिस ने परसन ओपी क्षेत्र से एक करोड़ रुपये मूल्य के 32.457 किलो चांदी के जेवर व सिल्लियां जब्त की हैं. कार्रवाई के दौरान मनगसो गांव निवासी चालक हजरत अंसारी कार समेत गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने सोमवार को बताया कि चोरी के चांदी के जेवरात और सिल्लियों की बिक्री में संलिप्त एक गिरोह का खुलासा हुआ है. एसपी ने पत्रकारों को बताया कि सूचना मिली थी कि राजधनवार क्षेत्र के बाजारों में एक गिरोह चोरी के चांदी के जेवरात और सिल्लियों को बेचने की कोशिश कर रहा है. सूचना पर खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने शनिवार की देर रात राजधनवार थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. मनगसो गांव स्थित बरजो चौक के पास पुलिस टीम ने एक कार डब्ल्यूबी 04जी 5772 की सघन तलाशी ली. इस दौरान कार की सीट के नीचे थैले में छिपाकर रखी छह पीस चांदी की सिल्लियां बरामद की गयीं. वहीं, एक बैग से 42 जोड़ी चांदी की पायल, 13 पीस चांदी की चेन, छह पीस चांदी का ब्रेसलेट, 12 पीस चांदी का पानपत्ता, तीन जोड़ा चांदी का कड़ा और 44 पीस चांदी की बिछिया बरामद की गयी. बरामद चांदी के जेवर व सिल्लियों का कुल वजन लगभग 32 किलो 457 ग्राम बताया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है.
कार समेत मनगसो गांव निवासी चालक हजरत अंसारी गिरफ्तार
पुलिस ने चांदी के जेवरात और सिल्लियां कार सहित जब्त कर ली हैं. मनगसो निवासी कार चालक हजरत अंसारी पिता दिल मोहम्मद मियां को गिरफ्तार किया गया है. एसपी डॉ विमल कुमार ने बताया कि धनवार थाना में कांड संख्या-11/2026 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित को जेल भेज दिया गया है. अब पुलिस यह पता करने में जुटी है कि चांदी की चोरी कहां से की गयी और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं. छापेमारी टीम में धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल, परसन ओपी प्रभारी सुनील कुमार, घोड़थंभा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल, एसआइ नवल किशोर शर्मा, एएसआइ बिजेंद्र सिंह, अनिल उरांव आदि शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










