ePaper

पाचाडुमर में सफाई की व्यवस्था लचर, शिक्षा के क्षेत्र में भी हो सुधार

Updated at : 21 Sep 2025 9:29 PM (IST)
विज्ञापन
पाचाडुमर में सफाई की व्यवस्था लचर, शिक्षा के क्षेत्र में भी हो सुधार

केतार प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम का किया गया आयोजन, ग्रामीणों ने रखीं अपनी-अपनी समस्याएं

विज्ञापन

केतार प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम का किया गया आयोजन, ग्रामीणों ने रखीं अपनी-अपनी समस्याएं

संदीप कुमार, केतार केतार प्रखंड क्षेत्र के पाचाडुमर कचहरी में प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और अपनी समस्याओं को सामने रखते हुए प्रशासन से समाधान की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह लचर है. पिछले वर्ष ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया था, लेकिन इस वर्ष वह भी नहीं हुआ. लोगों ने कहा कि ग्रामीण इलाकों की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में तो है, पर जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है. शिक्षा की बदहाल स्थिति भी ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उठायी. उन्होंने गांव के मध्य विद्यालय में पढ़ाई सुधारने और उच्च विद्यालय की स्थापना की मांग रखी. इसके अलावा पाचाडुमर और बिहार के बेलदुरिया के बीच सोन नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया. ग्रामीणों ने बताया कि पुल का सर्वे पूरा हो चुका है. यदि सरकार इस पर ध्यान दे तो न केवल बिहार की दूरी कम होगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी.

ग्रामीणों ने कहा

मच्छर से बचाव के लिए इस वर्ष कुछ नहीं हुआ: प्रेम सागर

ग्रामीण प्रेम सागर कमलापुरी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष बरसात के दिनों में मच्छरदानी, ब्लीचिंग पाउडर एवं मच्छर से बचाव के लिए दवा का छिड़काव किया जाता था. इस वर्ष अब तक मच्छर से बचाव के लिए कुछ नहीं किया गया. कहने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है.

खेती में हुए नुकसान की भरपाई हो: शंकर प्रसाद

स्थानीय निवासी शंकर प्रसाद ने कहा कि इस साल भारी बारिश के कारण मक्का, अरहर, तिल की खेती को नुकसान हुआ है. सरकार को इसकी भरपाई करनी चाहिए, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई पहल नहीं होना किसानों दुखदायी है.

वार्ड पांच में नाली का निर्माण हो: आशीष मेहता

गांव के आशीष मेहता ने कहा कि पांच नंबर वार्ड में नाली नहीं होने के कारण दर्जनों घरों का पानी सड़क पर बहता है. जिससे काफी परेशानी होती है. पंचायत प्रतिनिधि फंड नहीं होने का रोना रोते हैं. यहां जल्द से जल्द नाली का निर्माण होना चाहिए.

अंचल कार्यालय में हो रहा भ्रष्टाचार: सीताराम प्रसाद

सीताराम प्रसाद ने कहा कि अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार हो रहा है. म्यूटेशन के लिए उन्होंने दो माह पूर्व अंचल कार्यालय में कागजात जमा किए थे. परंतु आज तक आवेदन का निष्पादन नहीं हो पाया है. इससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है.

पाचाडुमर व बेलदुरीया के बीच बने पुल: संतोष कमलापुरी

संतोष कमलापुरी ने कहा कि पाचाडुमर और बिहार के बेलदुरीया के बीच सोन नदी पर पुल निर्माण की जरूरत है. इ्रससे झारखंड व बिहार की दूरी कम हो जायेगी और व्यापार की संभावना भी बढ़ेगी. इसके लिए पूर्व में सर्वे भी हुआ था. परंतु यह अब ठंडे बस्ते में चला गया.

मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय बनाया जाये: विमलेश पासवान

विमलेश पासवान ने कहा कि पाचाडुमर पुराना मध्य विद्यालय है. इसे उच्च विद्यालय में तब्दील किया जाये. इसकी बात सभी जनप्रतिनिधि करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वे अपने वादे भूल जाते हैं. इसपर ध्यान देने की जरूरत है.

सफाई नहीं होने के कारण बंद पड़ा है शौचालय: प्रद्युमन प्रसाद

प्रद्युमन प्रसाद ने कहा कि पाचाडुमर में सार्वजनिक शौचालय तो है, पर सफाई नहीं होने के कारण बंद पड़ा हुआ है. यहां के लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं. ऐसे में संपूर्ण स्वच्छता अभियान की सफलता पर प्रश्न खड़ा हो रहा है.

प्रभात खबर का कार्यक्रम एक सशक्त मंच

ग्रामीण लालू मियां, यदुवंशी महतो, कुलदीप साह, प्रमोद साह, शेरशाह अहमद, बचरू प्रसाद, अलियार मेहता, कमलेश प्रसाद, हीरालाल ठाकुर ने भी गांव की समस्याएं रखीं. सभी ने कहा कि प्रभात खबर की यह पहल सराहनीय है. लोगों के लिए यह कार्यक्रम एक सशक्त मंच है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola