मिथिलेश के होली मिलन समारोह में राजद विधायक भी हुए शामिल

Author Sanjay
Updated:
विज्ञापन
मिथिलेश के होली मिलन समारोह में राजद विधायक भी हुए शामिल

मिथिलेश के होली मिलन समारोह में राजद विधायक भी हुए शामिल

विज्ञापन

गढ़वा. शहर के कल्याणपुर स्थित पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया. इस अवसर पर विश्रामपुर के विधायक नरेश प्रसाद सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए. समारोह में सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हुए, जिससे पूरा माहौल उत्सवी और रंगीन हो उठा. समारोह की शुरुआत गुलाल और फूलों की होली से हुई. मेहमानों का स्वागत अबीर-गुलाल लगाकर किया गया, जिसके बाद पारंपरिक लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की धुनों पर माहौल रंगीन हो उठा. मौके पर कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने एक से बढ़कर एक होली गीत प्रस्तुत किये, फाग गीतों ने सबका मन मोह लिया. मौके पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि होली मेलजोल और सौहार्द का पर्व है. उन्होंने कहा कि जैसे विभिन्न रंग मिलकर सुंदर इंद्रधनुष बनाते हैं, वैसे ही समाज के सभी वर्ग एक साथ मिलकर विकास की राह पर आगे बढ़ सकते हैं. उन्होंने सभी से समाज में शांति और भाईचारा बनाये रखने पर जोर दिया. पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का त्योहार है. उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति हमें त्योहारों के माध्यम से एकजुट रहने और समाज में सौहार्द बनाये रखने की सीख देती है. उन्होंने सभी को गिले-शिकवे भुलाकर एकता का संदेश देने की अपील की और आने वाले समय में समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया. मौके पर उपस्थित लोग कार्यक्रम में एसडीओ संजय कुमार, राजद के जिलाध्यक्ष सूरज सिंह, पूर्व मंत्री की पत्नी चंचल ठाकुर, झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दूबे, परेश तिवारी, डॉ जेपी सिंह, डॉ मुरली प्रसाद गुप्ता, जिप अध्यक्ष शांति देवी, अजय केसरी, प्रियम सिंह, राजा सिंह, आशुतोष पांडेय, डॉ असजद अंसारी, आशीष अग्रवाल व राजेश तिवारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Sanjay

लेखक के बारे में

By Sanjay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola