गढ़वा में डोर स्टेप डिलीवरी के दौरान हुए 18 वर्षीय मजदूर की मौत के मामले ने पकड़ा तूल

Updated:
विज्ञापन

शाम 5:30 बजे चावल भेजना अनुचित, जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी - डीएसओ | Prabhat Khabar Network

गढ़वा के कांडी में डोर स्टेप डिलीवरी के दौरान 18 वर्षीय मजदूर की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने मामले की जांच शुरू की, दोषियों पर होगी कार्रवाई।

विज्ञापन

गढ़वा. गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में एफसीआई गोदाम से जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान तक डोर स्टेप डिलीवरी के दौरान हुई 18 वर्षीय मजदूर की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) देवानंद राम ने कांडी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की गहन जांच की. उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश त्रिपाठी, गोदाम प्रभारी शाहिद अंसारी और गोदाम के पलदार शंकर राम से घटना के एक-एक पहलू पर लंबी पूछताछ की.

ट्रैक्टर से कुचलने से हुई थी मौत

बीते शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे कांडी एफसीआई गोदाम से एक ट्रैक्टर पर 200 बोरा चावल लोड कर खुटहरिया गांव स्थित पीडीएस दुकानदार विश्वनाथ शाह की दुकान के लिए भेजा गया था. इसी दौरान रास्ते में चोराटी पहाड़ी के पास ट्रैक्टर से कुचलने के कारण ग्राम रतनगढ़ निवासी 18 वर्षीय पलदार आकाश कुमार यादव की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद से ही खाद्यान्न डिलीवरी की टाइमिंग और सुरक्षा मानकों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे.

ये भी पढ़ें: रांची में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज का विरोध, भाजपा ने बाइक रैली निकाल बंद का समर्थन किय

शाम 5:30 बजे खाद्यान्न भेजना अनुचित: देवानंद राम

जांच के बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम ने स्पष्ट किया कि शाम 5:30 बजे डोर स्टेप डिलीवरी के लिए चावल भेजना प्रशासनिक दृष्टिकोण से अनुचित है. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम दृष्टया भेजा जा रहा खाद्यान्न सरकारी आवंटन का ही था और वह अवैध नहीं था. उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है. जांच में किसी भी स्तर पर अधिकारी, कर्मचारी या वाहन चालक की लापरवाही सामने आई, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: विकसित भारत–जी राम जी योजना में अब 125 दिन मिलेगा रोजगार

थाना पहुंचे डीएसओ, ट्रैक्टर और खाद्यान्न जब्त

प्रखंड कार्यालय में पूछताछ के बाद डीएसओ देवानंद राम कांडी थाना भी पहुंचे और थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम से घटना से जुड़े कानूनी पहलुओं पर जानकारी ली. वर्तमान में दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और चावल थाना में जब्त है. जांच के दौरान मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय भी मौजूद रहे.

परिजनों को मिलेगा सरकारी मुआवजा, गांव में मातम

महज 18 वर्ष की उम्र में मजदूरी करने निकले आकाश यादव की मौत से उसके परिवार और रतनगढ़ गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और आश्रितों को तत्काल सहायता राशि देने की मांग की है. डीएसओ ने भरोसा दिलाया है कि मृतक मजदूर के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी. साथ ही खाद्यान्न ढुलाई में मजदूरों की सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola