Basukinath: फौजदारी बाबा मंदिर की शिखर से उतारा गया पंचशूल, 15 को दुल्हा बनेंगे भोलेनाथ

Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 13 Feb 2026 7:24 PM

विज्ञापन

पंचशूल के साथ पुरोहित और श्रद्धालुगण.

Basukinath: फौजदारी बाबा के दरबार में महाशिवरात्रि की तैयारियों जोरों पर है. बाबा बासुकिनाथ के मंदिर के शिखर से पंचशूल को उतारा गया है. इसे साफ कर फिर से शिवरात्रि के दिन मंदिर के शिखर पर स्थापित किया जाएगा. बाबा भोलेनाथ 15 फरवरी को दुल्हा बनेंगे.

विज्ञापन

आदित्यनाथ पत्रलेख
Basukinath: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में शिव विवाह की तैयारी जोर शोर से चल रही है. शुक्रवार को मंदिर के गुंबद के शिखर से पंचशूल, चांदी का झंडा, त्रिशूल, कलश, ध्वजा आदि को उतारा गया. बाबा मंदिर के शिखर से सबसे पहले पंचशूल का उतारा गया, इसके बाद माता पार्वती, माता काली, माता अन्नपूर्णा, श्री कृष्ण मंदिर, आनंद भैरव सहित अन्य मंदिर के गुंबद पर सजे कलश एवं त्रिशूल को उतारा गया. पंचशूल सहित बाकी चीजों की सफाई कर उसे फिर से वहां स्थापित किया जाएगा. महाशिवरात्रि के दिन ही पंचशूल को शिखर पर फिर से स्थापित किया जाता है.

रविवार को होगी भोले बाबा की शादी

रविवार को भोलेनाथ दुल्हा बनेंगे. भव्य शिव बारात निकाली जाएगी. विशेष पूजा-अर्चना के बाद, महाशिवरात्रि के दिन पंचशूल को फिर से शिखर पर स्थापित कर दिया जाता है. मंदिर में पंचशूल का विशेष महत्व है. पंचशूल को स्पर्श करने के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा. पंचशूल के नीचे उतरते ही जय शिव शंकर, हर हर महादेव के जयकारे लगने लगे. भोलेनाथ के विवाह को लेकर पूरे इलाके में हर्ष व उल्लास का माहौल है. भोलेनाथ की नगरी सज-धजकर तैयार हो रही है. बाजारों में भी रौनक बढ़ गयी है.

पंजशूल का किया गया विधि-विधान से पूजन

इधर, मंदिर के पुरोहितों ने बाबा के पंचशूल का विधिवत पूजन कर आर्शीवाद प्राप्त किया. विवाह से जुड़े सामग्रियों की खरीददारी की जा रही है. बाबा फौजदारी नाथ का धूमधाम से विवाह कराया जायेगा. मंदिर पुजारी प्रेमशंकर झा और मंदिर विदकरी ने बताया कि मंदिर प्रांगण में शनिवार को पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती के शादी के रस्म की शुरुआत होगी. मंदिर के गुंबद पर चढ़कर पंचशूल उतारने और पुनः स्थापित करने का विशेष अधिकार केवल विदकरी शौखी कुंवर के परिवार के पास है.

शनिवार को बाबा को लगेगी हल्दी, चढ़ेगा लावा कांसा

बाबा फौजदारीनाथ और मैया पार्वती को विदकरी द्वारा हरिद्रालेपन सगनौती किया जायेगा. भगवान शिव और मैया पार्वती पर लावा कांसा चढ़ाया जायेगा, उबटन लगाया जायेगा. मंदिर प्रांगण में इस अवसर पर महिलाओं द्वारा विवाह मंगलगीत गाये जायेंगे. पंडित सुधाकर झा ने बताया कि शिव-पार्वती के मिलन के समय गठबंधन को खोलने और फिर नई आस्था के साथ पंचशूल को वापस स्थापित करने की परंपरा है, जो सालों से चलती आ रही है. विवाह से एक दिन पूर्व अधिवाश होता है. बाबा के गुंबद पर से सोने चांदी के कलश व त्रिशूल को नीचे उतारा गया. बाबा फौजदारीनाथ और माता पार्वती को शनिवार को पूरे विधि विधान के साथ सोना, चांदी, काजल, वस्त्र, अलता, दूर्वा आदि चढ़ाया जायेगा. मंदिर पुरोहित और विधिकरी शौखी कुंवर द्वारा विवाह के रश्म पूरे किये जायेंगे. महाशिवरात्रि पर व्रती महिला पुरुष नहाय खाय के साथ शनिवार को संयत करेंगे.

शिव-पार्वती का गठबंधन खुला

पंचशूल उतरने के बाद से बाबा और पार्वती मंदिर का गठबंधन भी बंद हो गया. अब पंचशूल की विशेष पूजा होने के बाद उसे मंदिर के शिखर पर लगाया जाएगा. इसके बाद गठबंधन शुरू किया जाएगा. भगवान शिव व माता पार्वती मंदिर का गठबंधन शुक्रवार को खोला गया. इस खुले हुए गठबंधन को प्रसाद स्वरूप पाने के लिए भक्तों की भीड़ लगी. मान्यता है कि इस गठबंधन के प्रसाद को यदि किसी शादी योग्य लड़की व लड़का के गले में पहनाया जाये तो उसकी शादी जल्दी होती है. गुंबद पर से उतारे गये पंचशूल, कलश व त्रिशूल को साफ-सुथरा कर महाशिवरात्रि के दिन विदकरी फुलेश्वर कुंवर व उसके परिवार के सदस्यों द्वारा गुंबद पर चढ़ाया जायेगा. पंचशूल पांच तत्वों पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश का प्रतीक होता है. इसी कारण पंचशूल को सुरक्षा कवच भी माना जाता है, जो मंदिर को प्राकृतिक आपदाओं से बचाता है.

ये भी पढ़ें…

साल में सिर्फ एक बार होने वाली अलौकिक परंपरा के साक्षी बने हजारों भक्त, मंत्रोच्चार से गूंजा देवघर का बाबाधाम

महाशिवरात्रि 2026: देवघर में इस दिन भारी वाहनों का प्रवेश बैन, यहां देखें पूरा रूट चार्ट

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola