कमीशन बकाया और राशन उठाव की परेशानी से बढ़ा डीलरों का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
यह फोटो एआई से बनाई गई है
धनबाद में पीडीएस डीलरों का 8 महीने से कमीशन बकाया है। डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने और राशन उठाव में देरी से परेशान डीलरों ने सामूहिक आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिले के पीडीएस डीलरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. आठ माह से अधिक समय से कमीशन नहीं मिलने और डोर स्टेप डिलीवरी के बंद होने से अब राशन उठाव का खर्च भी डीलरों को उठाना पड़ रहा है.
सोमवार को बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम में राशन उठाव में देरी को लेकर डीलरों ने हंगामा किया और व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश जताया. डीलरों का कहना था कि सुबह करीब 10 बजे कई वाहन राशन लेने गोदाम पहुंचे पर शाम और रात तक माल लोड होने का इंतजार करते रहे. इससे वाहन का अतिरिक्त किराया और दिन भर का समय दोनों बर्बाद हो रहा है.
डोर स्टेप बंद, खुद करनी पड़ रही वाहन की व्यवस्था
डीलरों ने बताया कि डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था बंद होने से गोदाम से राशन लाने की व्यवस्था उन्हें खुद करनी पड़ती है. इसमें सबसे बड़ी परेशानी वाहनों के मनमाना किराया मांगे जाने की है.
डीलरों के अनुसार छोटी दूरी के लिए जहां करीब 100 रु में वाहन मिल जाते थे, वहीं अब 500 रु तक मांगे जा रहे हैं. दूर की दुकानों के लिए यह खर्च और अधिक बढ़ जाता है. डीलरों का कहना है कि कमीशन समय पर नहीं मिलने से पहले ही आर्थिक दबाव है और वाहन खर्च ने समस्या और गंभीर कर दिया है.
सुबह से रात तक लोडिंग का इंतजार
गोदाम में राशन उठाव की प्रक्रिया में देरी को लेकर भी डीलरों ने नाराजगी जतायी. उनका आरोप है कि माल तौलने वाले कांटे पर कई बार कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहते, जिससे वाहनों की कतार लग जाती है.
सोमवार को कई वाहन घंटों तक खड़े रहे. डीलरों का कहना था कि वाहन चालक को दिन भर इंतजार करना पड़ता है, जिसका भुगतान अंततः उन्हें ही करना पड़ता है. उनका कहना है कि समय पर तौल और लोडिंग की व्यवस्था नहीं होने से एक दिन में जितना राशन उठाया जाना चाहिए, उतना नहीं उठ पाता.
लाभुकों तक राशन पहुंचाने में लगे हैं 1,600 डीलर
धनबाद जिले में 1,600 से अधिक पीडीएस डीलर हैं. इनके माध्यम से जिले के करीब 18.71 लाख लाभुकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है. जिले में करीब 4.30 लाख राशन कार्ड दर्ज हैं.
इतनी बड़ी आबादी की खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पीडीएस दुकानों पर निर्भर है. ऐसे में राशन उठाव में देरी का असर आगे दुकानों पर वितरण व्यवस्था पर भी पड़ सकता है. डीलरों का कहना है कि आगर गोदाम से समय पर राशन नहीं मिलेगा तो निर्धारित समय पर लाभुकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराना मुश्किल होगा.
प्रति क्विंटल 70 रु देने का मिला आश्वासन
डीलरों के अनुसार विभाग की ओर से राशन उठाव के लिए प्रति क्विंटल 70 रु देने का आश्वासन दिया गया है. हालांकि उनका कहना है कि केवल उठाव राशि देने से समस्या दूर नहीं होगी.
आठ माह से लंबित कमीशन का भुगतान भी तत्काल किया जाना चाहिए. डीलरों ने गोदाम में समय पर तौल और लोडिंग, वाहन व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नियम और डोर स्टेप डिलीवरी बहाल करने की मांग की है.
उनका कहना है कि जब तक इनका समाधान नहीं होता, तब तक वे आर्थिक नुकसान झेलते रहेंगे. डीलरों ने चेतावनी दी कि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो सामूहिक धरना-प्रदर्शन किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










