अवैध हथियार की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, 17 लोगों पर मामला दर्ज

Updated:
विज्ञापन

प्रतिकात्मक फोटो

धनबाद के भूली में अवैध हथियार की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर पथराव और हमला। एक आरोपी गिरफ्तार, 17 लोगों पर मामला दर्ज। जानें पूरी घटना।

विज्ञापन

भूली ओपी क्षेत्र के पांडरपाला स्थित न्यू इस्लामपुर में अवैध हथियार और गोली की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया. पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और ईंट-पत्थर से हमला करने का आरोप है.

मामले में भूली ओपी के प्रभारी पदाधिकारी एसआइ विश्वजीत ठाकुर के स्वलिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार भी किया है.

वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, नौ अगस्त 2026 को करीब दोपहर 12 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सद्दाम हुसैन उर्फ नौशाद, पिता मो जहांगीर तथा सोनू अंसारी, पिता खलील अंसारी, दोनों न्यू इस्लामपुर, पांडरपाला निवासी, अपने घर के आसपास अवैध हथियार एवं गोली के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम सरकारी वाहन से आवश्यक कागजात के साथ पांडरपाला के मोती मैदान स्थित आयशा खातून के घर के पास पहुंची. पुलिस को देखते ही सद्दाम हुसैन उर्फ नौशाद भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया.

अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर उसने हथियार सोनू अंसारी का होने की बात कही और बताया कि उसने हथियार सोनू की पत्नी शमीमा खातून को उसके घर जाकर दे दिया है.

सोनू के घर की ओर बढ़ते ही सद्दाम जोर-जोर से चिल्लाने लगा

हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस सद्दाम को साथ लेकर सोनू अंसारी के घर की ओर बढ़ी तो उसने (सद्दाम ने) जोर-जोर से हल्ला कर आसपास के लोगों को जुटा लिया. देखते ही देखते करीब 15-20 लोगों की भीड़ जमा हो गयी.

प्राथमिकी में आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी तथा पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर एवं अन्य पारंपरिक हथियारों से हमला किया. पुलिस के अनुसार, इस दौरान पुलिसकर्मियों को चोटें भी आयीं.

हमलावरों में सोनू की पत्नी भी शामिल

आरोप है कि शमीमा खातून समेत कुछ लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला किया और पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और गिरफ्तार सद्दाम हुसैन उर्फ नौशाद को घटनास्थल से सुरक्षित स्थान पर ले गयी.

इसके बाद भारत चौक पहुंचकर पुलिस पदाधिकारी ने अपना स्वलिखित बयान दर्ज कराया. मामले में सद्दाम हुसैन उर्फ नौशाद, शमीमा खातून, सोनू अंसारी समेत 15-20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी, भीड़ जुटाकर हमला करने तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola