बाघमारा ओवरब्रिज की मांग को लेकर रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन, सांसद ढुलू महतो ने की पहल
रेलमंत्री को ज्ञापन सोपते बाघमारा के लोग और सांसद ढुलू महतो
बाघमारा बचाओ नागरिक संघर्ष समिति ने सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बाघमारा में रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग की है।
बाघमारा बचाओ नागरिक संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को नयी दिल्ली में धनबाद सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की.
प्रतिनिधिमंडल ने बाघमारा में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर भारत सरकार को मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर समस्या से रेल मंत्री को अवगत कराते हुए ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने बतायी मांग की गंभीरता
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बाघमारा में रेलवे फाटक नहीं होने के कारण लोगों को प्रतिदिन जाम और आवागमन की परेशानी से दो-चार होना पड़ता है. विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यवसायियों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है.
ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. समिति के सदस्यों ने बताया कि गत एक वर्ष से बाघमारा में रेलवे ओवरब्रिज की मांग को लेकर नागरिक संघर्ष समिति के नेतृत्व में लगातार आंदोलन किया जा रहा है. धरना-प्रदर्शन, जनसंपर्क अभियान और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के माध्यम से सरकार तक लोगों की मांग पहुंचायी जा रही है.
सांसद की पहल से जगी उम्मीद
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि धनबाद सांसद ढुलू महतो ने भी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के स्तर पर पहल की है. सांसद के प्रयास से बाघमारा को जल्द रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है.
समिति ने सांसद के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ओवरब्रिज निर्माण होने तक संघर्ष जारी रहेगा. समिति ने जनहित के इस प्रयास में सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया. कहा कि बाघमारा की जनता की एकजुटता ही आंदोलन की ताकत है.
प्रतिनिधिमंडल में जोगिंदर सिंह, अखिलेश सिंह, संजय चंद्रवंशी, बैजनाथ प्रसाद, सुरेश साहू, ज्ञानेश उर्फ रामू साहू, रवींद्र पांडेय और सज्जन खंडेलवाल शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










