Dhanbad News: नियम पालन करनेवाले पूजा पंडाल को मिलेगा एक लाख का इनाम

Edited by ASHOK KUMAR
Updated:
विज्ञापन

दुगोत्सव को लेकर उपायुक्त व एसएसपी ने की अधिकारियों संग बैठक. दिये कई दिशा-निर्देश.

विज्ञापन

उपायुक्त व एसएसपी ने की अधिकारियों संग बैठक, दिशा-निर्देश जारी, आदित्य रंजन बोले-दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद जिला प्रशासन सतर्क

-उत्कृष्ट पंडालों को मिलेगा पुरस्कार

धनबाद.

दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुगमता, सुरक्षा और सुविधा को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने वरीय अधिकारियों के साथ बुधवार को संयुक्त बैठक कर पूजा पंडालों और विसर्जन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये. उपायुक्त ने कहा कि पंडालों का निरीक्षण कर विभागीय टीमें विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगी. उपायुक्त ने घोषणा की कि प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का 100 प्रतिशत पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ पूजा पंडाल को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये, तृतीय को 20 हजार रुपये एवं चतुर्थ व पंचम स्थान पर आने वाले को 15,000-15,000 रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा.

सभी पूजा समितियों को देनी होगी अंडरटेकिंग, विसर्जन व्यवस्था की गयी सख्त

बैठक में तय हुआ कि सभी पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों का अंडरटेकिंग देना होगा. इसमें क्राउड मैनेजमेंट, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम, साफ-सफाई, पेयजल, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग लाइन, शौचालय, वालंटियर की तैनाती, अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टी, चिकित्सा सुविधा के लिए फर्स्ट एड बॉक्स, विसर्जन वाहन का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर, खोया-पाया काउंटर, लाउडस्पीकर का समय, डीजे पर प्रतिबंध, सुरक्षित विद्युत कनेक्शन, सर्किट ब्रेकर और वेंटिलेशन जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से करनी होंगी. आयोजकों को अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग और भवन प्रमंडल से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी लेना अनिवार्य होगा. जिले के सभी विसर्जन स्थलों पर नावों के साथ गोताखोर, वॉच टावर, पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा जलाशयों की बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जायेगी. आयोजकों को तय समय सीमा में ही प्रतिमा का विसर्जन करना होगा.

ड्रोन व कंट्रोल रूम से की जायेगी निगरानी

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि प्रमुख विसर्जन स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे. प्रवेश व निकास के लिए अलग मार्ग निर्धारित होंगे. किसी वाहन के ब्रेकडाउन होने पर क्रेन की व्यवस्था की गयी है. डीजे पर प्रतिबंध रहेगा. वहीं सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष टीम बनेगी. कंट्रोल रूम से निगरानी की जायेगी. बच्चों को विसर्जन जुलूस में शामिल नहीं किया जायेगा. रावण दहन के लिए सुरक्षित स्थल चिह्नित कर बैरिकेडिंग की जायेगी. बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, नगर आयुक्त रविराज शर्मा, एडीएम हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी, डीएसपी नौशाद आलम, धीरेंद्र नारायण बंका, शंकर कामती समेत सिंदरी, निरसा, बाघमारा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola