ePaper

Dhanbad News : खुले हुए हैं शहर के ट्रांसफॉर्मरों के डीपी बॉक्स, हाई वोल्टेज तारों के नीचे लगती हैं दुकानें

Updated at : 09 Apr 2025 1:44 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News : खुले हुए हैं शहर के ट्रांसफॉर्मरों के डीपी बॉक्स, हाई वोल्टेज तारों के नीचे लगती हैं दुकानें

कभी भी भारी पड़ सकती है बिजली विभाग की लापरवाही, पोल के तार पर लताओं ने कर लिया कब्जा, शॉर्ट सर्किट होने पर लग जायेगी आग

विज्ञापन

शहर में बिजली विभाग की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. शहर के कई इलाकों में स्थित ट्रांसफॉर्मर के डीपी बॉक्स खुले हुए हैं. इसमें से हाई वोल्टेज तार निकले हुए हैं. किसी भी ट्रांसफॉर्मर के आस-पास न तो सुरक्षा ग्रील है और न ही जालियां लगी है. बिजली के तार भी ढीले हैं. बिजली के उलझे तारों से लटकी लताओं में करंट दौड़ता है. डीपी बॉक्स के पास व ट्रांसफॉर्मर के ठीक नीचे दुकानें लगती हैं. जहां रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है. इसे देखने और दुरुस्त करने की जहमत झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के अधिकारी नहीं उठाते हैं. यह लापरवाही भारी पड़ सकती है.

सीएमपीएफ कॉलोनी : ट्रांसफॉर्मर के तारों पर लटकी हैं सूखी लताएं

सीएमपीएफ कॉलोनी में लगे ट्रांसफॉर्मर के तारों पर लटकी लताएं सूख चुकी हैं. बारिश में इसमें करंट भी दौड़ता है. गर्मी के दिनों में एक छोटा सा शॉर्ट सर्किट भीषण आग में तब्दील कर सकता है. स्थानीय निवासी सुमंत ने बताया कि काफी समय से बिजली विभाग ने इन लत्तरों व सूखी लकड़ियों को नहीं हटाया है.

पुलिस लाइन : सड़क के किनारे ट्रांसफॉर्मरों के नीचे लगती है दुकान

पुलिस लाइन में सड़क के किनारे ट्रांसफॉर्मर के नीचे ही दुकानें लगती है. कई बार इन दुकानों की वजह से ट्रैफिक प्रभावित होता है. ट्रांसफॉर्मर का हाल भी खस्ता है. डीपी बॉक्स भी खुले हुए हैं. वहां पर दुकान लगाने वाले लोग दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं. आस पास कई गाड़ियां खड़ी रहती हैं. जानवर भी घूमते रहते है.

सीएमआरआइ गेट : एक साथ लगे 10 ट्रांसफॉर्मरों के नीचे बिकती है सब्जियां

सीएमआरआइ गेट के सामने एक साथ 10 ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं. इनसे जुड़े तारों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ता है. ट्रांसफॉर्मर के डीपी बॉक्स खुले हुए हैं. इसी के नीचे सब्जियों की दुकान लगती है. इस वजह से यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बावजूद इसके यहां हमेशा चहल-पहल बनी रहती है.

सहयोगी नगर मोड़ : कभी भी गिर सकते हैं जर्जर बिजली के तार

सहयोगी नगर के मोड़ पर बिजली के पोल के नीचे ही दुकान लगी हुई है. बिजली के तारों की भी हालत ठीक नहीं है. तार कभी भी गिर सकते हैं. बिजली विभाग की ओर से इसे ठीक करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया. इस वजह से यहां अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
NARENDRA KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By NARENDRA KUMAR SINGH

NARENDRA KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola