Dhanbad News: अनुपस्थित मिलीं दो बीएलओ, डीसी ने मांगा स्पष्टीकरण
Published by : OM PRAKASH RAWANI Updated At : 10 Jun 2026 2:07 AM
Dhanbad News: झरिया विस क्षेत्र के बूथ नंबर 199 व 200 की बीएलओ पर कार्रवाई, मानदेय स्थगित
Dhanbad News: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त धनबाद आदित्य रंजन ने मतदान केंद्र पर अनुपस्थित पाये जाने पर झरिया विधानसभा की दो बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है. दोनों का मासिक मानदेय अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है. यह कार्रवाई विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्य में लापरवाही और निर्वाचन संबंधी निर्देशों की अवहेलना के आरोप में की गयी है. झरिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 199 की बीएलओ सह आंगनबाड़ी सेविका खुशबू कुमारी तथा बूथ संख्या 200 की बीएलओ सहिया भारती देवी बूथ पर उपस्थित नहीं थीं. हेल्प डेस्क मैनेजर द्वारा फोन पर संपर्क करने पर दोनों अपने मतदान केंद्रों पर अनुपस्थित पायी गयी. दोनों बीएलओ से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी.
मतदाताओं की सुविधा के लिए जारी किया गया था निर्देश
उपायुक्त ने बताया कि दो जून को सभी बीएलओ को निर्देश दिया गया था कि वे अपने नियमित कार्यों के अतिरिक्त प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता मैपिंग करने का निर्देश दिया गया था.
एसआइआर : 10 से 14 जून तक सभी बूथों में लगेंगे विशेष कैंप
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) के तहत जिले में शत-प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग को लेकर 10 से 14 जून 2026 तक सभी मतदान केंद्रों में विशेष कैंप लगाये जायेंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार यह अभियान जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जायेगा.
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे कैंप
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार विशेष कैंप चार दिनों तक सभी बूथों में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक लगाया जायेगा. इस दौरान मतदाताओं की मैपिंग, सत्यापन तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर गतिविधियां संचालित की जायेंगी. जिले की सभी पंचायतों में कैंप लगाये जायेंगे. इसके अलावा धनबाद नगर निगम के सभी 55 वार्डों तथा चिरकुंडा नगर परिषद के सभी 21 वार्डों को अभियान में शामिल किया गया है. प्रशासन का लक्ष्य सभी पात्र मतदाताओं की मैपिंग शत-प्रतिशत करना है.
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से विशेष कैंप में पहुंचकर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और निर्वाचन कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है. इस दौरान लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










