ओडिशा से आसनसोल की ओर जा रहे ट्रक में मिली गांजे की बड़ी खेप, 7 हिरासत में

ट्रक और उससे बरामद गांजे की खेप.
कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. एक ट्रक से गांजे की खेप जब्त करते हुए 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 7 लोगों को हिरासत में लिया है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कोलकाता पुलिस एसटीएफ ने पुरुलिया जिला पुलिस के साथ मिलकर सोमवार रात पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलकुड़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 18 पर एक ट्रक को रोका. इस ट्रक से गांजे की बड़ी खेप बरामद की.
शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की सराहना की
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा- मैं हमारी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करता हूं. प्रभात खबर के रिपोर्टर ने बताया है कि पुलिस बल ने 322 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. 3 वाहन और 10 मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं.
बिहार, बंगाल और ओडिशा के हैं आरोपी
- राजू पाल (37), पूर्व बर्धमान, पश्चिम बंगाल
- उत्तम कुमार सिन्हा (35), पश्चिम बर्धमान, पश्चिम बंगाल
- कालिया लंका (35), गंजाम, ओडिशा
- जीवन दे (48), पूर्व बर्धमान, पश्चिम बंगाल
- दीपक कुमार सिंह (39), भोजपुर, बिहार
- रंजीत कुमार प्रसाद (40), बक्सर, बिहार
- अजीत कुमार सिंह (32), भोजपुर, बिहार
ट्रक में ड्राइवर की सीट के पीछे से बरामद हुआ गांजा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मादक पदार्थ ट्रक की चालक सीट के पीछे बनायी गयी विशेष रूप से छिपी हुई गुप्त जगह से बरामद किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा- ओडिशा से आसनसोल की ओर ट्रक के साथ चल रहे दो एस्कॉर्ट वाहनों को भी रोका गया. इस अभियान के दौरान 7 लोगों को हिरासत में लिया गया.
ये भी पढ़ें: मादक पदार्थों की तस्करी मामले में 4 लोगों को हुई थी 10 साल की सजा, हाईकोर्ट ने किया रिहा, जानें पूरा मामला
मादक पदार्थों की तस्करी बर्दाश्त नहीं : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अवैध मादक पदार्थ तस्करी और युवाओं तथा समाज की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए खतरा पैदा करने वाली किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाती है.
ये भी पढ़ें: बंगाल : ड्रग्स तस्करी का ट्रांजिट प्वाइंट बना बंगाल, ओड़िशा, त्रिपुरा व मणिपुर से बड़े पैमाने पर होती है
आपराधिक गिरोहों को सख्ती से खत्म किया जायेगा : शुभेंदु
उन्होंने आगे कहा- मैं हमारे पुलिसकर्मियों की निरंतर सतर्कता और समर्पण की सराहना करता हूं. हम आपराधिक गिरोहों को पूरी सख्ती से खत्म करने का अभियान जारी रखेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










