Dhanbad News: बरवाअड्डा पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया, एएसआइ समेत चार घायल

Published by :ANAND KUMAR UPADHYAY
Published at :03 May 2026 1:36 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: बरवाअड्डा पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया, एएसआइ समेत चार घायल

Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के लोहारबरवा गांव की घटना, तीन नामजद समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज.

विज्ञापन

बरवाअड्डा, बरवाअड्डा में मारपीट की घटना के नामजद आरोपी को पुलिस पर हमला कर जबरन हिरासत से छुड़ा लेना का मामला प्रकाश में आया है. घटना में बरवाअड्डा थाना के एएसआइ नवल किशोर सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गये. इस संबंध में घायल एएसआइ नवल किशोर सिंह के आवेदन पर तीन नामजद समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है. श्री सिंह ने कहा कि कांड संख्या-37/2026 के अनुसंधानकर्ता हैं. इस कांड में धनंजय महतो, दुलाल महतो, मखमल महतो, विनोद महतो समेत 11 नामजद अभियुक्त हैं. श्री सिंह ने आवेदन में कहा कि एक मई की सुबह सूचना मिली कि कांड के अभियुक्त बिनोद महतो लोहार बरवा स्थित अपनी मीट दुकान पर मौजूद है. सूचना पर पेट्रोलिंग टीम के साथ मीट दुकान पहुंच कर बिनोद महतो को हिरासत में लिया. इसी दौरान बिनोद ने हो-हंगामा शुरू कर दिया. शोरगुल सुनकर बिनोद का पुत्र, रिश्तेदार पिंकी देवी, पति-छठीराम महतो व अन्य 5-7 अज्ञात लोग आ गये. सभी गिरफ्तारी का विरोध करने लगे. सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली,गलौज करने लगे और सभी उग्र हो गए और पुलिस टीम से उलझ गये. पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए जबरन बिनोद को पुलिस संरक्षण से छुड़ाकर ले गये. पिंकी देवी ने पुलिस को चेतावनी दी कि उनकी नौकरी खतरे में डाल देंगे और केस में फंसा देंगे. इन लोगों ने मुझे व गश्ती पदाधिकारी पुअनि सुनील कुमार सिंह, हवलदार महेंद्र पाल, मनोज कुमार ठाकुर के साथ भी हाथापाई की. आवेदन में इस बात का भी उल्लेख है कि घटना के दौरान पिंकी देवी बार-बार बरवाअड्डा थाना में प्राइवेट चालक मनोज महतो को फोन कर बुला रही थी. थाना के प्राइवेट चालक मनोज महतो के इशारे पर पुलिसकर्मियों पर बिनोद साव, उसके पुत्र, पिंकी देवी, छठीराम महतो ने पुलिस पर हमला किया और अभियुक्त को जबरन पुलिस हिरासत से भगाकर ले गये. एएसआइ श्री सिंह के आवेदन पर बिनोद महतो, पिंकी देवी, छठीराम महतो, मनोज महतो व अज्ञात 5-7 लोगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा -189 (2) /189(3)/190/329/115(2)/117(2)/109(1)/352/324(4) तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. इस संबंध में थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया गया है. पिंकी देवी की शिकायत की भी जांच की जा रही है.

एएसआइ पर दुर्व्यवहार का आरोप

वहीं इस मामले में पिंकी देवी ने बरवाअड्डा थाना में आवेदन देकर एएसआइ नवल किशोर सिंह पर दुर्व्यवहार करने और लोहार बरवा स्थित चाचा बिनोद कुमार साव के मीट दुकान से जबरन रुपये छीन लेने का आरोप लगाया है.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola