Dhanbad News: पांडरपाला में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास, पुलिस ने किया नाकाम

Edited by ASHOK KUMAR
Updated:
विज्ञापन

होली के दिन रंग लगाने को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस की सक्रियता से शांत हुआ माहौल

विज्ञापन

भूली ओपी क्षेत्र के पांडरपाला स्थित भारत चौक के पास बुधवार की शाम सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास को पुलिस ने नाकाम कर दिया. यहां रंग लगाने को लेकर दो संप्रदाय के लोगों के बीच विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते मामला तूल पकड़ने लगा और स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इधर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार व बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया. पुलिस मौके से एक युवक व दो नाबालिग को पकड़कर भूली ओपी ले आयी. हालांकि पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया.

पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

बताया जाता है कि भारत चौक पर एक पक्ष के लोग होली खेल रहे थे. तभी बगल से गुजर रहे दूसरे पक्ष के कुछ लोगों पर भी उड़ता हुआ रंग पड़ गया. इसे लेकर कहा सुनी शुरू हुई, कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया. कुछ लोगों का कहना है कि एक पक्ष के कुछ लोगों ने पत्थर भी फेंके. इसके बाद वहां भीड़ जुटने लगी. इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचने पर भी पहले तो लोग मानने को तैयार नहीं थे, बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.

भूली ओपी की पुलिस ने इलाके में निकाला फ्लैग मार्च

इधर, गुरुवार को भूली ओपी की पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया. पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है. वहीं प्रशिक्षु आइपीएस अंकित सिन्हा की अध्यक्षता में गुरुवार को भूली ओपी परिसर में समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की गयी. इसमें शांति व्यवस्था कायम रखने को लेकर पहल की गयी. बैठक के बाद भूली ओपी प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को पांडर पाला के सभी मस्जिद से शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए ऐलान कराया जायेगा. वहीं दोनों समुदाय के प्रबुद्ध लोगों के साथ शांति मार्च निकाला जाएगा. पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रखे हुए है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola