शादी के अगले दिन परीक्षा, अब पति बने BPRO और पत्नी बनीं DSP; झरिया के दंपति ने रचा इतिहास
मां के साथ बेटा विकास और बहू कोमल
Dhanbad: धनबाद के झरिया के एक दंपति ने शादी और करियर दोनों को सफलतापूर्वक संतुलित कर प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है. शादी के अगले ही दिन परीक्षा देने वाले पति-पत्नी आज BPRO और DSP बनकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
धनबाद से प्रतीक पोपट
Dhanbad: कहते हैं कि अगर सपने बड़े हों और हौसले मजबूत, तो मुश्किल रास्ते भी मंजिल तक पहुंचा ही देते हैं. झरिया के चौथाई कुल्ही, भालगोड़ा 2 नंबर चानक निवासी विकास कुमार सिंह और उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. 70वीं बीपीएससी परीक्षा के परिणाम में दोनों ने सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. विकास कुमार सिंह का चयन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी यानी BPRO के पद पर हुआ है. उन्होंने 1058वां रैंक हासिल किया है. वहीं उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने 489वां रैंक प्राप्त कर डीएसपी पद के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
एक फैसला और बदल गई जिंदगी
इस दंपति की सफलता की सबसे खास बात यह है कि दोनों ने अपनी शादी के ठीक अगले दिन बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दी थी. जहां शादी के बाद ज्यादातर लोग नई जिंदगी की शुरुआत और पारिवारिक रस्मों में व्यस्त होते हैं, वहीं विकास और कोमल अपने सपनों को पूरा करने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचे थे. उस समय लिया गया यह फैसला आज उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी सफलता बन गया है.
नौकरी छोड़ तैयारी में जुटी रहीं कोमल
बेगूसराय की रहने वाली कोमल कुमारी सिंह पहले राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थीं, लेकिन उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था. इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की और दूसरे प्रयास में डीएसपी बनने का मुकाम हासिल किया.
विकास ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को दिया
वहीं, विकास कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है. उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई सूरज कुमार सिंह ने हर मुश्किल दौर में उनका हौसला बढ़ाया और लक्ष्य से भटकने नहीं दिया. विकास और कोमल की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. दोनों ने साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और मजबूत इरादों के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती.
ये भी पढ़ें…
धनबाद पहुंचे इरफान अंसारी, बोले- शिबू सोरेन को मिलना चाहिए भारत रत्न
धनबाद में कालूबथान पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी की 13 बाइक्स के साथ पांच चोर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










