बालियापुर-मोहरीबांध सड़क निर्माण को लेकर रागिनी सिंह ने प्रधान सचिव से की मुलाकात

Updated:
विज्ञापन

विभागीय अधिकारी को पत्र सौंपती झरिया विधायक रागिनी सिंह | Prabhat Khabar Network

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने बालियापुर-मोहरीबांध सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव से मुलाकात की है. भू-धंसान और एनओसी की समस्या को हल करने के लिए सर्वे के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

झरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बालियापुर-मोहरीबांध सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पहल तेज कर दी है. गुरुवार को उन्होंने पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की. इस संबंध में उन्होंने प्रधान सचिव को एक पत्र भी सौंपा.

विधायक ने बताया कि धनबाद अंतर्गत बालियापुर-मोहरीबांध पथ (एमडीआर-047) के किलोमीटर एक और दो के बीच भू-धंसान की स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. ऐसे में क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक डायवर्सन रोड का निर्माण आवश्यक है. उन्होंने कहा कि बीसीसीएल द्वारा वित्तपोषित इस डायवर्सन रोड के निर्माण के लिए जरूरी एनओसी और अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्य लंबे समय से रुका हुआ है.

संबंधित विभागों में समन्वय की मांग

रागिनी सिंह ने प्रधान सचिव से आग्रह किया कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी करायी जाये, ताकि सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सके. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से खराब सड़क और भू-धंसान की समस्या का सामना करना पड़ रहा है.

सर्वे के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

मामले पर प्रधान सचिव सुनील कुमार ने विधायक को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी और एनओसी संबंधी अड़चनों को दूर करने के लिए चीफ इंजीनियर के माध्यम से स्थल का सर्वे कराया जायेगा. सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जेएमसी कंपनी को जल्द एनओसी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जायेगी.

सड़क निर्माण से लोगों को मिलेगी राहत

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा जताया कि विभागीय समन्वय के माध्यम से जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा. सड़क निर्माण शुरू होने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी.


विज्ञापन
Umesh Singh

लेखक के बारे में

By Umesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola