स्कूली बच्चों को घर पहुंचाने के दौरान वैन चालक की मौत
मृतक राजेंद्र महतो उर्फ राजू का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
सिंदरी में स्कूली वैन चालक राजेंद्र महतो की बच्चों को घर पहुंचाते समय अचानक मौत हो गई. सूझबूझ दिखाते हुए उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे रोकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. उनकी अचानक मृत्यु से परिवार सदमे में है.
सिंदरी स्थित एक निजी स्कूल के बच्चों को घर पहुंचाने के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक घटना हो गयी. स्कूली बच्चों से भरी वैन चला रहे चालक राजेंद्र महतो उर्फ राजू (45) की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी. वह बलियापुर थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव का निवासी था.
बच्चों को छोड़ने जा रहे थे चालक
जानकारी के अनुसार गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद राजेंद्र महतो टाटा मैजिक वाहन से बच्चों को लेकर परसबनिया क्षेत्र की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गयी. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया. इसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े.
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गये. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गयी.
समय रहते गाड़ी रोककर टाला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन रोक दिया. यदि वह वाहन नहीं रोकते तो स्कूली बच्चों से भरी वैन दुर्घटना का शिकार हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अपने पीछे पत्नी जोशना देवी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गये हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव और आसपास के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









