निर्जला एकादशी पर तीर्थनगरी सिमरिया में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम, धार्मिक अनुष्ठानों का हुआ आयोजन
सिमरिया में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Begusarai News : निर्जला एकादशी पर सिमरिया धाम में भक्तों का सैलाब, गंगा घाटों पर रही रौनक. नीचे पढ़िए पूरी खबर.
बेगूसराय से बिपिन राज की रिपोर्ट
Begusarai News : तीर्थनगरी सिमरिया में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. गंगा मैय्या की जयकारे के बीच श्रद्धालुओं ने अहले सुबह से गंगा स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य का कार्य किया. गंगा में स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने जल, फल और अन्य सामग्री का दान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया. इस दौरान घाटों पर धार्मिक भजनों और मंत्रोच्चारों की गूंज सुनाई दी. स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने बताया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचने लगे और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की.
गंगा स्नान, व्रत और दान-पुण्य के साथ मनाई गई निर्जला एकादशी
निर्जला एकादशी के दिन श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद भगवान विष्णु की आराधना की और विधि-विधान के साथ व्रत एवं पूजन किया. गंगा घाटों पर दान-पुण्य करने वालों की भीड़ सुबह से ही नजर आई. कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया. सनातन धर्म में निर्जला एकादशी को विशेष फलदायी व्रत माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु की आराधना और व्रत करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. इसी विश्वास के साथ दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर अपनी आस्था व्यक्त की.
एक सहस्र अश्वमेध यज्ञ के बराबर पुण्यफल की मान्यता
ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष पर पड़ने वाले एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है. मान्यता है कि आज के दिन गंगा स्नान करने के बाद जल और अन्न का दान करने से एक सहस्र अश्वमेघ यज्ञ के बराबर पुण्यफल प्राप्त होता है. पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार साल में 24 एकादशी पड़ती हैं. पुराणों के अनुसार सभी एकादशी का व्रत करने से पुण्यफल की प्राप्ति होती है. किसी कारणवश यदि सभी एकादशियों का व्रत जो नहीं कर पाया, यदि वो निर्जला एकादशी का व्रत कर ले तो, एक व्रत से पूरे 24 एकादशियों के बराबर पुण्यफल प्राप्त हो जाता है. यह व्रत रखने और गंगा स्नान करने से भगवान नारायण की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










