बेगूसराय में 60 वर्षीय वृद्ध की बेरहमी से हत्या, इलाके में तनाव

Edited by YUVRAJ RATAN
Updated:
विज्ञापन

अस्पताल के बाहर शोकाकुल परिजनों की तस्वीर

Begusarai Crime News : बदमाशों का तांडव, वृद्ध की निर्मम हत्या से मचा हड़कंप. पहले धारदार हथियार से हमला फिर मारी दनादन गोलियां. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन

बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai Crime News : जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अपराधियों ने एक 60 वर्षीय व्यक्ति की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी. बदमाशों ने पहले धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल किया और फिर जमीन पर गिरने के बाद ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय नवल किशोर सिंह के पुत्र थे.

घर से 700 मीटर दूर घात लगाकर हमला

घटना सरगाहा बांध के समीप बुधवार रात करीब 10 बजे हुई. परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार सिंह अपनी बीमार पत्नी के लिए दवा लेने बाइक से घर से निकले थे. घर से लगभग 700 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया. बताया जाता है कि अपराधियों ने सबसे पहले धारदार हथियार से वार कर उन्हें घायल कर दिया. बाइक से गिरने के बाद हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल पर उनकी बाइक गिरी हुई मिली,जबकि शव के आसपास खून बिखरा हुआ था.

हत्याकांड में नया मोड़, 4 लाख रुपये के विवाद की आशंका

स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया. मृतक के भतीजे श्याम किशोर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति के पास उनके चाचा का करीब चार लाख रुपये बकाया था और राशि की लगातार मांग की जा रही थी. परिजनों ने आशंका जताई है कि घटना का संबंध इसी विवाद से हो सकता है.हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. परिजनों ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में देरी का आरोप भी लगाया है.

जघन्य वारदात के बाद इलाके में तनाव, पुलिस कर रही पड़ताल

इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही है. जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है. इस जघन्य वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है.

Also Read : बेगूसराय सामूहिक दुष्कर्म मामला: पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंचे तेजस्वी यादव, बोले- ‘मौजूदा सरकार में महिलाएं असुरक्षित’

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन