जहानाबाद: ज्वेलर्स दुकान को बनाया निशाना, शटर तोड़कर 13 से 14 लाख के गहने उड़ाए
चोरी के बाद तिजोरी दिखाते दुकानदार.
Jahanabad News : घटना काको थाना क्षेत्र के हाटी मोड़ स्थित एक ज्वेलरी शॉप की है. पीड़ित दुकानदार मलहचक स्थित पानी टंकी के समीप के रहने वाले है.
जहानाबाद से अशोक कुमार की रिपोर्ट
Jahanabad News : जहानाबाद. जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने और चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया. घटना काको थाना क्षेत्र के हाटी मोड़ स्थित एक ज्वेलरी शॉप की है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का मुख्य शटर उखाड़कर इस घटना को अंजाम दिया.
हाटी मोड़ की घटना, लोहे के औजार से तोड़ा शटर
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोरी की गए सामान की कीमत लगभग 13 से 14 लाख रुपये के बीच बताई गई है. पीड़ित दुकानदार पंकज कुमार वर्मा नगर थाना क्षेत्र के मलहचक स्थित पानी टंकी के समीप के रहने वाले है. और वह हाटी मोड़ पर आभूषण की दुकान चलाते हैं. रोज की तरह वे बीते दिन भी शाम को अपनी दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे. रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए शातिर चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और लोहे के औजारों की मदद से शटर को नीचे से उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गए.

आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी दी
आसपास के लोगों ने सुबह लगभग 5 बजे पंकज वर्मा को फोन पर सूचना दी गई कि उनकी दुकान का शटर उखड़ा हुआ है. फोन पर मिली इस अप्रत्याशित सूचना को सुनते ही पीड़ित के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में तड़के ही अपनी दुकान पर पहुंचे. घटनास्थल पर पहुंचकर जब पीड़ित दुकानदार ने देखा तो दुकान का शटर नीचे से पूरी तरह से मोड़ा और उखड़ा हुआ था. अंदर जाने पर दुकान की तिजोरी, काउंटर और डिस्प्ले रैक पूरी तरह से खाली पाए गए.

पुलिस टीम मौके पर पहुंच छानबीन में जुटी
चोरों ने दुकान के भीतर रखे सोने के कीमती आभूषण और चांदी के सारे सामान पूरी सफाई से समेट लिए थे. दुकान में केवल खाली डिब्बे और बिखरा हुआ सामान ही शेष बचा था. इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय बाजार के अन्य व्यापारियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है. व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की अत्यंत आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए