जहां खेत नहीं वहां डोभा, जहां आबादी नहीं वहां कुआं
Updated at : 24 Jul 2019 7:46 AM (IST)
विज्ञापन

संजीव झा, धनबाद : जहां खेत नहीं वहां खुदवा दिया डोभा, जहां आबादी नहीं वहां बना दिया कुआं, वह भी कोल बियरिंग एरिया में. जबकि घनी आबादी वाले क्षेत्र में कुआं के नाम पर चार वर्ष से 10 फीट का गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है. जी हां, यही असलियत है बाघमारा प्रखंड की […]
विज्ञापन
संजीव झा, धनबाद : जहां खेत नहीं वहां खुदवा दिया डोभा, जहां आबादी नहीं वहां बना दिया कुआं, वह भी कोल बियरिंग एरिया में. जबकि घनी आबादी वाले क्षेत्र में कुआं के नाम पर चार वर्ष से 10 फीट का गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है.
जी हां, यही असलियत है बाघमारा प्रखंड की कंचनपुर पंचायत की. यहां विकास के नाम पर लूट की खुली छूट है. नियमों को ताक पर रख कर यहां टारगेट पूरा करने के लिए जैसे-तैसे काम कर केवल राशि निकासी का खेल चल रहा है. कंचनपुर पंचायत के रामपुर गांव में एक सौ मीटर की परिधि में एक ही मौजा में आधा दर्जन डोभा खोद दिया गया है. जिस स्थान पर डोभा की खुदाई हुई है, वहां खेती नहीं होती.
ग्रामीणों के अनुसार यहां जमीन के नीचे कोयले का भंडार होने की बात कही जा रही है. बीसीसीएल इस स्थान पर कोल प्रोजेक्ट शुरू करने वाला है. इसी स्थान से कुछ दूर पर ही मनरेगा से एक बड़े कुआं की खुदाई हुई है. जबकि इसके दो-ढाई सौ मीटर की परिधि में कोई घर नहीं है. यहां तो कई लाभुकों को यह भी पता नहीं कि उनकी जमीन पर डोभा मंजूर हुआ है और कुछ स्थानों पर खुदाई भी हो गयी है.
कागज पर ही खुद गये कई डोभा: प्रभात खबर की टीम जब पंचायत में गयी तो पता चला वहां बमुश्किल 15 डोभा ही खुदा है. जबकि 37 डोभा की राशि उठा ली गयी है. जिस स्थान पर एक साथ आधा दर्जन डोभा खुदा है, वहां भी नियमों का पालन नहीं किया गया है. सब अलग-अलग साइज का. डोभा खोदने वाले कहते हैं समय बीत जाने के कारण कुछ डोभा पुराने साइज में नहीं रह पाया है. मिट्टी वगैरह बह गयी है.
तीन वर्षों में एक कुआं की खुदाई पूरी नहीं
रामपुर पोस्ट ऑफिस के समीप वर्ष 2016 में मनरेगा से एक कुआं की खुदाई शुरू हुई. आज तक कुआं के नाम पर यहां लगभग दस फीट की खुदाई हुई है. तीन वर्षों में एक कुआं नहीं बन पाने से लोगों में आक्रोश है. कहते हैं कि इस गड्ढे के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. रात में भी लोग यहां खुले में शौच जाते हैं. लोगों ने खुद उस गड्ढे को घेर दिया है.
शौचालय घोटाले की होगी प्रशासनिक जांच
धनबाद. बाघमारा प्रखंड की कंचनपुर पंचायत में हुए शौचालय घोटाले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है. मंगलवार को उपायुक्त अमित कुमार के निर्देश पर जिला स्तरीय जांच टीम बनायी गयी.
डीडीसी शशि रंजन ने बताया कि कमेटी के अध्यक्ष एडीएम (विधि-व्यवस्था) राकेश दुबे को बनाया गया है. कमेटी में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी प्रभात रंजन, बाघमारा बीडीओ रिंकू कुमारी भी शामिल हैं. टीम को शौचालय निर्माण में गड़बड़ी समेत वहां विकास योजनाओं की विस्तृत जांच करने को कहा गया है.
डीडीसी ने कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. ज्ञात हो कि प्रभात खबर ने 21 जुलाई को कंचनपुर पंचायत में शौचालय घोटाला की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी. जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया. पहले प्रखंड स्तर पर जांच करायी गयी. इसमें गड़बड़ी मिलने पर आज जिला स्तरीय जांच कमेटी बनायी गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




