Dhanbad News: भौंरा की बंद 35 नंबर खदान से 25 टन कोयला जब्त, मुहाना सील
Published by : OM PRAKASH RAWANI Updated At : 08 Jun 2026 1:50 AM
Dhanbad News: अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई. बीसीसीएल व सीआइएसएफ का कोयला तस्करों पर वार
Dhanbad News: अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई. बीसीसीएल व सीआइएसएफ का कोयला तस्करों पर वारDhanbad News: बीसीसीएल पूर्वी झरिया क्षेत्र अंतर्गत भौंरा की बंद 35 नंबर खदान में चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ रविवार को प्रबंधन और सीआइएसएफ ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान अवैध रूप से निकाला गया भारी मात्रा में कोयला जब्त किया गया तथा खनन के लिए खोले गये अवैध मुहाने की भराई कर उसे बंद कर दिया गया. अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई में करीब 25 टन कोयला जब्त किया गया है. जानकारी के मुताबिक, बंद खदान का मुहाना खोलकर पिछले करीब एक महीने से कोयला तस्करों द्वारा अवैध खनन किया जा रहा था. इसकी सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के महाप्रबंधक तुनेश्वर पासवान के नेतृत्व में सीआइएसएफ और बीसीसीएल की आंतरिक सुरक्षा टीम ने छापेमारी की. टीम के पहुंचते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी.
अवैध खदान में काम कर रहे थे करीब 40 मजदूर, मौके से भागे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्रवाई के समय अवैध मुहाने के अंदर लगभग 40 मजदूर कोयला काटने में लगे थे. सुरक्षा बलों को देखते ही सभी मजदूर खदान से बाहर निकलकर फरार हो गये. जांच के दौरान खदान के आसपास सैकड़ों बोरियों में भरकर रखा गया कोयला बरामद किया गया. बताया जाता है कि तस्करों की योजना रात के समय इन बोरियों को वाहनों के जरिए विभिन्न अवैध कोयला भट्ठों तक पहुंचाने की थी.
35 नंबर खदान के आसपास खुले हैं कई अवैध मुहाने
स्थानीय लोगों का कहना है कि 35 नंबर खदान के आसपास अभी भी कई अन्य अवैध मुहाने खुले हुए हैं, जहां दिन-रात अवैध खनन जारी है. उनका आरोप है कि पुलिस की नियमित गश्त के बावजूद कोयला तस्करों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है. लोगों ने यह भी दावा किया कि अवैध खनन की शिकायत करने वालों की पहचान तस्करों तक पहुंच जाती है, जिसके बाद उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ता है.
सुदामडीह एएसपी कोलियरी के डिपो में कोयला जमा
छापेमारी के बाद जब्त कोयले को बीसीसीएल के हाइवा में पेलोडर की मदद से लोड कर सुदामडीह एएसपी कोलियरी स्थित डिपो में जमा कराया गया. अधिकारियों ने बताया कि कुछ अवैध खनन स्थलों तक भारी मशीनों और वाहनों की पहुंच नहीं होने के कारण तत्काल कार्रवाई संभव नहीं हो सकी, लेकिन आने वाले दिनों में अन्य अवैध मुहानों के खिलाफ भी अभियान चलाया जायेगा.
बोले महाप्रबंधक
25 टन कोयला जब्त किया गया है. क्षेत्र में अवैध खनन और कोयला चोरी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. इस अभियान में स्थानीय पुलिस से भी सहयोग की अपील की गयी है.
तुनेश्वर पासवान, महाप्रबंधक, पूर्वी झरिया क्षेत्रB
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










